क्या नक्सली वन्यजीव तस्करी में भी शामिल थे?
कांकेर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के संवेदनशील कांकेर जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के ठिकाने से हथियारों या दैनिक सामान के साथ-साथ दुर्लभ वन्यजीव के अवशेष भी बरामद किए हैं. छोटेबेठिया क्षेत्र के मोरखण्डी गांव के समीप जंगली और पहाड़ी इलाकों में चलाए गए एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को यह सफलता मिली.
मौके पर मिले एक संदिग्ध डंप की तलाशी लेने पर अन्य सामानों के अतिरिक्त लगभग 3.5 किलोग्राम पैंगोलिन के शल्क (Scales) मिले हैं, जिसने जांच एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं.
इस पूरी घटनाक्रम के बाद पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीमें मामले की गहराई से पड़ताल में जुट गई हैं. सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि संरक्षित श्रेणी में आने वाले जीव पैंगोलिन के शल्क नक्सलियों के कब्जे तक कैसे पहुंचे.
सुरक्षा एजेंसियां अब इस पहलू की भी बारीकी से जांच कर रही हैं कि क्या इसके तार किसी अंतरराष्ट्रीय या राष्ट्रीय वन्यजीव तस्करी नेटवर्क से जुड़े हुए हैं. पैंगोलिन की वैश्विक स्तर पर अत्यधिक तस्करी होती है, जिसके चलते वन विभाग ने भी इसे गंभीर अपराध मानते हुए अलग से जांच शुरू कर दी है.
यह कार्रवाई नक्सली गतिविधियों को निष्प्रभावी करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे नियमित सर्च ऑपरेशन का हिस्सा थी.
जिला पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल (BSF) और बम निरोधक दस्ते (BDS) की संयुक्त टीम मोरखण्डी के जंगलों में गश्त पर थी, तभी उन्हें पहाड़ियों के बीच कुछ संदेहास्पद सामग्री छिपे होने का सुराग मिला. जवानों ने बिना देरी किए इलाके को घेरा और वहां बने डंप से सारी सामग्री को जब्त कर लिया.
बरामद की गई तमाम सामग्री को कानूनी औपचारिकताओं के तहत छोटेबेठिया थाने स्थानांतरित कर दिया गया है. कांकेर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए सीमावर्ती एवं अंदरूनी इलाकों में गश्त और सर्च ऑपरेशन इसी तरह मुस्तैदी के साथ जारी रहेंगे.