छत्तीसगढ़ में भारी बारिश, ओडिशा ने खोले हीराकुंड डैम के 20 गेट
भुवनेश्वर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में जारी लगातार भारी बारिश और निम्न दबाव के कारण ओडिशा के संबलपुर स्थित हीराकुंड बांध में पानी की आवक तेजी से बढ़ी है. जलाशय के बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए बांध प्रशासन ने 20 गेट खोल दिए हैं, जिनमें बाईं ओर के 13 और दाईं ओर के 7 गेट शामिल हैं.
हीराकुंड बांध की अधिकतम जल भंडारण क्षमता 630 फीट है, जबकि वर्तमान में जलस्तर 629.47 फीट तक पहुंच गया है.
ऊपरी इलाकों से प्रति सेकंड लगभग 3,66,045 क्यूसेक बाढ़ का पानी जलाशय में प्रवेश कर रहा है, जिसके जवाब में खुले हुए गेटों के जरिए 3,27,540 क्यूसेक पानी प्रति सेकंड छोड़ा जा रहा है.
इसके चलते निचले क्षेत्रों के नदियां और मापक केंद्रों जैसे बेलगांव, पाथिला, खैरमल, बारमूल और मुंडुली पर जलप्रवाह का दबाव काफी बढ़ गया है.
मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा में आया गहरा दबाव अब कमजोर होकर उत्तर छत्तीसगढ़ और उससे सटे उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर केंद्रित है. इस मौसमी तंत्र पर संबलपुर और रायपुर के डॉप्लर वेदर रडार से लगातार नजर रखी जा रही है. यदि छत्तीसगढ़ से पानी की आवक इसी तरह जारी रहती है, तो बांध के और अधिक गेट खोले जा सकते हैं.