सड़क और पानी से वंचित ग्रामीणों का वोट से इंकार
छत्तीसगढ़ के सड़क और पानी से वंचित ग्रामीणों का वोट से इंकार
दंतेवाड़ा | संवाददाताः हमारे गांव में न पानी है न रोड. एंबुलेंस भी यहां से 4 किलोमीटर की दूरी तक ही आ पाता है. हमारे दादा-दादी ने जिस तरह जीवन गुजार दिया, उसी तरह हम लोग भी सुविधाविहीन गांव में जीने को मजबूर हैं. यह कहना है दंतेवाड़ा की मसेनार ग्राम पंचायत के बुरुमपारा गांव के राम लाल अत्रा का.
वह कहते हैं कि हम आदिवासी हैं और हमें आदिम जीवन जीने के लिए छोड़ दिया गया है. रामलाल और उनके साथ ही सभी गांव वाले होने जा रहे पंचायत चुनाव का विरोध कर रहे हैं.
उनका कहना है कि आज तक गांव में कोई विकास कार्य नहीं हुआ तो वोट डालने से क्या होगा.
बुरुमपारा के साथ पूरे इलाके के ग्रामीणों का मुख्य रोजगार एनएमडीसी कंपनी में मजदूरी है. भारत सरकार का उपक्रम एनएमडीसी कंपनी 100 मिलियन टन 2030 तक उत्पादन क्षमता बढ़ाने का दावा कर रही है.
इस्पात के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपना नाम दर्ज करवाने का दम भरने वाली कंपनी इस क्षेत्र से अरबों रुपए के लौह अयस्क का खनन कर रही है.
जबकि इस कंपनी द्वारा गोद लिया हुआ गांव पीने के पानी के लिए तरस रहा है. आज की तारीख में सड़क नहीं बनी है.
ग्रामीणों ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की वोटिंग से पहले ही कह दिया है कि उन्हें मतदान नहीं करना है. उनका कहना है कि पीने के लिए पानी नहीं है, सडक़ नहीं है. इस गांव में किसी तरह की मूलभूत सुविधा नहीं है.
ग्रामीणों का कहना है कि, सरपंच, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य सभी ने हमारे गांव की अनदेखी की है.
किसी को वोट नहीं
एनएमडीसी के गोद लिए मसेनार ग्राम पंचायत के बुरुमपारा में ग्रामीणों को आज तक बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिली हैं. लोगों का कहना है कि आज भी चुआ का पानी पीने पर मजबूर हैं.
पांच साल पूरे होते ही लोग वोट मांगने आते हैं. बुरुमपारा में 70 परिवार रहते हैं, इन लोगों ने निर्णय लिया है कि किसी को वोट नहीं करेगें. ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारी, कर्मचारी भी यहां कभी झांकने नहीं आते हैं.
सरकारी तंत्र ने भी उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया है.
सडक़ नहीं है पर भ्रष्टाचार की पुलिया तैयार
बुरुमपारा में मूलभूत सुविधाएं नहीं पहुंची हैं. विकास के तमाम दावे सरकार कर रही है और यहां चुनाव का हिस्सा न बनने के लिए 70 परिवार एकजुट हो चुके हैं.
ग्रामीणों का कहना है कि आखिर वोट क्यों डालें? विकास करना नहीं है सिर्फ भ्रष्टाचार करना है. पानी, सडक़ कुछ तो नहीं मिला.
हां सडक़ नहीं बनाई पर भ्रष्टाचार की पुलिया जरूर बनाई गई है. इस पुलिया के दानों ओर मुरुम तक की सडक़ नहीं है. पारा के लोग चुने गए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से कई बार गुहार लगाए कि सडक़ पानी की व्यवस्था कर दो. हर बार इसी आस में वोट किया कि अब ये प्रत्याशी गांव का भला कर देगा लेकिन किसी ने कुछ नहीं किया. इस लिए वोट अब नहीं देगें.
एनएमडीसी गोद ग्राम
एनएमडीसी के गोद ग्राम का कोई लिखित दस्तावेज नहीं है. गांव वालों से एनएमडीसी के अधिकारी कहते हैं कि गावं खनन एरिया में आता है इसलिए यहां के विकास की जिम्मेदारी उनकी है.
10 किमी के दायरे में आने वाले गांव का चहुंमुंखी विकास करने का दावा कंपनी करती है. इसलिए इन्हें कंपनी द्वारा गोद लिये हुए गांव बोलते हैं. एनएमडीसी के खनन परिधि में आने वाले गांवों की स्थिति बेहद खराब है.
दर्जनों पंचायतें आज भी मूलभूत सुविधाओं से जूझ रही हैं. लोहागांव, पुरेंगेल, इंड्री, गुमियापाल, कड़मपाल ऐसी पंचायतें हैं, जहां विकास दूर की कौड़ी है. एनएमडीसी यहां 65 वर्षो में विकास नहीं कर पाया.
सीईओ को जानकारी नहीं
जिला पंचायत सीईओ जयंत नहाटा कहते हैं कि मुझे जानकारी नहीं है. पंचायत के इस पारा से जुड़ी जो भी डिटेल है उसे भेजें. वहां के सबंधित अधिकारी से बात करते हैं.
गंभीर मसला है शॉर्टआउट करवाते हैं.