मंगल, 17 नव. 2026

CGKhabar

करंट की चपेट में आने से गांव प्रमुख की मौत

C

CG Khabar

16 जून 2026, 01:07 AM 2 मिनट में पढ़ें 19

करेंट से मौत
करेंट से मौत

राजनांदगांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के डोंगरगांव क्षेत्र के ग्राम देवरी में अपने ही घर की छत पर निर्माण कार्य कर रहे एक अधेड़ व्यक्ति की बिजली के हाईटेंशन तार के संपर्क में आने से मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान 50 वर्षीय तुकाराम साहू के रूप में हुई है, जो गांव के प्रमुख होने के साथ-साथ पेशे से राजमिस्त्री भी थे. इस अचानक हुई दुर्घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.


यह दुखद घटना 14 जून की शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है. तुकाराम साहू अपने मकान की ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य में लगे हुए थे. 

विज्ञापन


इसी दौरान, छत के बेहद करीब से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तार से उनका हाथ अचानक छू गया. करंट का झटका इतना जबरदस्त था कि करंट तत्काल उनके पूरे शरीर में फैल गया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. 


हादसे के वक्त घर में मौजूद उनकी बेटी की नजर जब पिता पर पड़ी, तो उसने फौरन शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा किया.


ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगांव ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. 


सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया. बताया गया है कि मृतक अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनका अंतिम संस्कार उनके गृह ग्राम देवरी के मुक्तिधाम में संपन्न किया गया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP