केरल में फिर विजयन या कांग्रेस की वापसी?
तिरुवनंतपुरम । डेस्क: केरल विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान के साथ ही राज्य में सत्ता की चाबी हासिल करने के लिए सियासी संग्राम छिड़ गया है. मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) और विपक्षी कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) के बीच माना जा रहा है.
केरल में सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) ने अपनी चुनावी तैयारियों में बढ़त बनाते हुए उम्मीदवारों की घोषणा शुरू कर दी है. सीपीआई (CPI) ने 25 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने योद्धाओं के नाम तय कर दिए हैं, जबकि माकपा (CPM) ने कुल 140 सीटों में से 86 पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है.
जहां मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के नेतृत्व में एलडीएफ 'हैट्रिक' लगाकर इतिहास रचने की कोशिश में है, वहीं कांग्रेस विरोधी लहर को भुनाकर सत्ता में जोरदार वापसी की उम्मीद कर रही है.
माकपा ने स्पष्ट कर दिया है कि मुख्यमंत्री विजयन अपनी पारंपरिक सीट धर्मदाम से ही चुनाव लड़ेंगे. एलडीएफ ने अपनी चुनावी रणनीति के तहत विकास कार्यों, जैसे वायनाड टाउनशिप और विझिनजम पोर्ट को ढाल बनाया है, हालांकि वह भ्रष्टाचार और सबरीमाला विवाद जैसे मुद्दों पर विपक्ष के निशाने पर भी है.
दूसरी ओर, विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन ने कांग्रेस की 100 से ज्यादा सीटें जीतने की भविष्यवाणी करते हुए इसे बदलाव का चुनाव बताया है. हालांकि, कांग्रेस के लिए सीट बंटवारे को लेकर गठबंधन सहयोगियों के बीच तालमेल बिठाना एक बड़ी चुनौती बनी हुई है.
इस द्विपक्षीय मुकाबले के बीच भाजपा भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की पूरी कोशिश कर रही है. भाजपा ने सभी 140 सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान किया है और पार्टी के दिग्गज नेता राजीव चंद्रशेखर के तिरुवनंतपुरम की नेमम सीट से मैदान में उतरने की चर्चा है, जो पहले भी भाजपा के खाते में रह चुकी है.
ऐसे में सवाल यही है कि क्या केरल की जनता विजयन सरकार के 'विकास मॉडल' पर फिर से मुहर लगाएगी या कांग्रेस का 'परिवर्तन' का नारा सफल होगा. 9 अप्रैल को होने वाला मतदान और 4 मई के नतीजे ही तय करेंगे कि केरल की सत्ता की कमान किसके हाथ होगी.