लोकसभा में VB-GRAM G विधेयक पारित
नई दिल्ली । डेस्क: लोकसभा ने गुरुवार को विपक्ष के भारी हंगामे और विरोध के बीच 'विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)' (VB-GRAM G) विधेयक, 2025 को पारित कर दिया. यह नया कानून 20 साल पुराने 'महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम' (मनरेगा) का स्थान लेगा. इस नए मिशन के तहत ग्रामीण परिवारों को साल में 125 दिनों के रोजगार की वैधानिक गारंटी दी गई है.
सदन में आठ घंटे चली लंबी बहस के बाद विधेयक को ध्वनि मत से मंजूरी दी गई. इस दौरान विपक्षी सांसदों ने जोरदार नारेबाजी की, विधेयक की प्रतियां फाड़ीं और सदन के वेल तक पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराया. हंगामे को देखते हुए स्पीकर ओम बिरला ने कार्यवाही शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दी.
बहस का जवाब देते हुए ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मोदी सरकार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के जरिए महात्मा गांधी के आदर्शों को धरातल पर उतार रही है. उन्होंने पीएम आवास योजना, उज्ज्वला और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर बापू के आदर्शों की अनदेखी करने का आरोप लगाया.
दूसरी ओर, विपक्ष ने सरकार पर महात्मा गांधी के नाम को योजना से हटाने और 2005 के मूल कानून की भावना को कमजोर करने का आरोप लगाया है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसे "दुनिया की सबसे बड़ी रोजगार योजना की हत्या" करार दिया और सरकार के खिलाफ राष्ट्रव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी. सोनिया गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं ने संसद परिसर में गांधी प्रतिमा से मकर द्वार तक मार्च निकालकर इस बदलाव का विरोध किया.