शनि, 07 नव. 2026

CGKhabar

उत्तराखंड: लैंडस्लाइड और फ्लड से तबाही, यूपी-झारखंड मे रेड अलर्ट

C

CG Khabar

02 सित. 2026, 08:32 AM 2 मिनट में पढ़ें 9

उत्तराखंड में बाढ़
उत्तराखंड में बाढ़

नई दिल्ली । डेस्क: उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण हालात बेहद चिंताजनक हो चुके हैं. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और नदी-नालों में आए उफान ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. राज्य के विभिन्न हिस्सों में अब तक 7 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. 


पौड़ी के कोटद्वार में नदी के तेज बहाव में बहने से एक महिला और उसकी डेढ़ साल की मासूम बच्ची की जान चली गई, वहीं अल्मोड़ा के हवालबाग में एक घर ढहने से दो महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई. देहरादून और उत्तरकाशी के अन्य इलाकों में भी मलबे की चपेट में आने से मजदूरों की जान जाने की खबर है.

विज्ञापन


तबाही के चलते राज्य में 172 से अधिक सड़कें और राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बंद हो गए हैं. पिथौरागढ़, नैनीताल, बागेश्वर और टिहरी में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है. 


गौला नदी में भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण हल्द्वानी और उधम सिंह नगर के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, जहां प्रशासन लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी दे रहा है. 


बढ़ते खतरे को देखते हुए नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में बुधवार तक सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं.


उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और झारखंड में भी कुदरत का प्रकोप जारी है. उत्तर प्रदेश के वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट और कानपुर समेत 20 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. 


वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है, जिससे सभी 84 घाट जलमग्न हो गए हैं. वहीं, झारखंड के गढ़वा, पलामू, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जैसे जिलों में मौसम विभाग ने 5 सितंबर तक रेड अलर्ट जारी करते हुए अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) की गंभीर चेतावनी दी है. प्रशासन ने सभी प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं. File Photo.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP