उत्तर प्रदेश SIR: 2 करोड़ से अधिक नाम काटे गये
लखनऊ । डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने शुक्रवार को राज्य की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है, जिसमें एक बड़ा फेरबदल देखने को मिला है. विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के बाद प्रदेश की मतदाता सूची से कुल 2.05 करोड़ नाम हटा दिए गए हैं, जो पिछली सूची का लगभग 13.24 प्रतिशत है.
अब उत्तर प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 13.39 करोड़ रह गई है, जबकि 27 अक्टूबर 2025 को यह आंकड़ा 15.44 करोड़ था.
सीईओ नवदीप रिनवा के अनुसार, इस 166 दिनों तक चली लंबी प्रक्रिया के बाद तैयार फाइनल लिस्ट में 7.30 करोड़ पुरुष, 6.09 करोड़ महिलाएं और 4,206 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं.
पुनरीक्षण के दौरान करीब 1.04 करोड़ मतदाता 'नॉन-मैप्ड' पाए गए और 2.22 करोड़ मामलों में तार्किक विसंगतियां देखी गईं. रिनवा ने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदाता का नाम बिना उचित प्रक्रिया और सुनवाई के नहीं हटाया गया है.
उन्होंने बताया कि इलाहाबाद जिले में सबसे अधिक 3,29,421 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि विधानसभा क्षेत्रों में गाजियाबाद की साहिबाबाद सीट पर सबसे ज्यादा 82,898 नए नाम जुड़े हैं.
हालांकि, मतदाता सूची में हुए इस बड़े बदलाव पर राज्य में सियासी घमासान शुरू हो गया है.
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए इसे एक 'साजिश' करार दिया है.
अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा हार के डर से वास्तविक मतदाताओं के नाम कटवा रही है और चुनाव आयोग अब भाजपा का एक चुनावी टूल बन गया है.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कन्नौज के जिन वास्तविक मतदाताओं की सूची उन्होंने आयोग को सौंपी थी, उन्हें भी अंतिम सूची में शामिल नहीं किया गया है. दूसरी ओर, निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नाम कटने से असंतुष्ट है, तो वह 15 दिनों के भीतर जिलाधिकारी के पास अपील कर सकता है.