सीरिया में अमेरिका का ISIS के ठिकानों पर भारी बमबारी
वॉशिंगटन । डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीरिया में आतंकी संगठन ISIS के खिलाफ 'ऑपरेशन हॉकआई स्ट्राइक' शुरू करने की घोषणा की है. यह सैन्य कार्रवाई 13 दिसंबर को सीरिया के पलमायरा में हुए उस आतंकी हमले के जवाब में की गई है, जिसमें आयोवा नेशनल गार्ड के दो अमेरिकी सैनिक, सार्जेंट एडगर ब्रायन टोरेस टोवर और सार्जेंट विलियम नथानिएल हॉवर्ड शहीद हो गए थे.
अमेरिकी युद्ध सचिव पीट हेगसेथ के अनुसार, इस ऑपरेशन के तहत सीरिया में ISIS के दर्जनों ठिकानों, हथियार डिपो और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया है.
हेगसेथ ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए इसे 'प्रतिशोध की घोषणा' करार दिया और कहा कि अमेरिका अपने नागरिकों पर हमला करने वालों को दुनिया के किसी भी कोने से ढूंढकर खत्म कर देगा.
राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर जानकारी दी कि यह कार्रवाई उनके उस वादे का हिस्सा है जिसमें उन्होंने अमेरिकी सैनिकों की हत्या का गंभीर बदला लेने की बात कही थी. इस सैन्य अभियान को सीरियाई सरकार का भी समर्थन मिलने का दावा किया गया है.