अमेरिका-ईरान परमाणु डील: 20 साल बनाम 5 साल, पाक कराएगा दूसरी बैठक
नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिका और ईरान के बीच जारी गतिरोध को समाप्त करने के लिए कूटनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है. ताजा रिपोर्टों के अनुसार, दोनों देशों के बीच जल्द ही दूसरे दौर की वार्ता होने जा रही है, जिसमें पाकिस्तान एक बार फिर मुख्य मध्यस्थ की भूमिका में नजर आ रहा है.
इस्लामाबाद और वाशिंगटन के सूत्रों का कहना है कि इस बैठक की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और यह चर्चा या तो इस्लामाबाद में होगी या फिर किसी न्यूट्रल वेन्यू जैसे जिनेवा में आयोजित की जा सकती है. माना जा रहा है कि अगले 48 घंटों के भीतर दोनों पक्षों के प्रतिनिधि मेज पर बैठ सकते हैं.
इस पूरी कवायद के पीछे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की वह मंशा बताई जा रही है, जिसके तहत वे मई में अपनी चीन यात्रा से पहले इस संघर्ष को सुलझाकर एक बड़ी कूटनीतिक जीत दर्ज करना चाहते हैं. हालांकि, शांति की यह राह इतनी आसान नहीं है.
हाल ही में हुई पहले दौर की गुप्त वार्ता केवल इसलिए विफल हो गई क्योंकि अमेरिका ने ईरान के सामने बेहद सख्त शर्तें रखी थीं. वाशिंगटन चाहता है कि ईरान अपने यूरेनियम भंडार के उपयोग पर कम से कम 20 साल का कड़ा प्रतिबंध लगाए, जबकि तेहरान केवल 5 साल की अवधि पर अड़ा हुआ है.
इसके अलावा, अमेरिका ने ईरान के यूरेनियम भंडार को देश से बाहर भेजने की मांग भी की है, जिस पर ईरान अंतरराष्ट्रीय निगरानी में धीरे-धीरे कटौती करने का विकल्प दे रहा है.
पाकिस्तान इस मौके का फायदा उठाकर खुद को विश्व पटल पर एक शांतिप्रिय देश के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रहा है.
राजनीतिक विश्लेषक इयान ब्रेमर के हालिया बयान ने इस चर्चा को और हवा दे दी है, जिसमें उन्होंने संकेत दिया है कि दोनों पक्ष लगभग 12.5 साल के एक 'बीच के रास्ते' वाले समझौते की ओर बढ़ रहे हैं. अब पूरी दुनिया की नजरें आगामी बैठक पर टिकी हैं कि क्या इस बार कोई 'विन-विन' फॉर्मूला निकल पाता है या परमाणु कार्यक्रम का मुद्दा फिर से बातचीत में अड़ंगा बनेगा.