चीन पर अमेरिका के 'गुप्त परमाणु परीक्षण' के दावे गलत
नई दिल्ली । डेस्क: जिनेवा में आयोजित संयुक्त राष्ट्र निरस्त्रीकरण सम्मेलन के दौरान अमेरिका और चीन के बीच परमाणु हथियारों को लेकर तनाव चरम पर पहुंच गया है. अमेरिकी हथियार नियंत्रण और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा राज्य सचिव थॉमस डिनैनो ने चीन पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि बीजिंग ने साल 2020 में कई गुप्त परमाणु विस्फोट किए थे और इन गतिविधियों को छिपाकर अंतरराष्ट्रीय संधियों का उल्लंघन किया.
डिनैनो के अनुसार, चीन ने विशेष रूप से 22 जून 2020 को एक परमाणु परीक्षण किया था और वह सैकड़ों टन की क्षमता वाले विस्फोटों की तैयारी कर रहा है. उन्होंने तर्क दिया कि 2010 की 'न्यू स्टार्ट' संधि अब प्रासंगिक नहीं रह गई है क्योंकि चीन जैसे देश अपनी परमाणु क्षमताओं का तेजी से विस्तार कर रहे हैं.
हालांकि, व्यापक परमाणु-परीक्षण-प्रतिबंध संधि संगठन (CTBTO) के कार्यकारी सचिव रॉबर्ट फ्लॉयड ने अमेरिकी दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. फ्लॉयड ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि उनके अंतरराष्ट्रीय निगरानी तंत्र ने उस दौरान ऐसी किसी भी घटना का पता नहीं लगाया जो परमाणु हथियार परीक्षण के समान हो.
दूसरी ओर, परमाणु निरस्त्रीकरण पर चीन के राजदूत शेन जियान ने इन आरोपों को "झूठा और निराधार" बताते हुए कहा कि अमेरिका अपनी रक्षा क्षमताओं को लेकर दुनिया को गुमराह कर रहा है.
उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि परमाणु हथियार नियंत्रण के क्षेत्र में अमेरिका के नकारात्मक कदम ही अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं. यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी भविष्य में परमाणु परीक्षणों को फिर से शुरू करने के संकेत दिए हैं.