अमेरिका: लापता भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव बरामद
नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिका के कैलिफोर्निया में पिछले सोमवार से लापता 22 वर्षीय भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव बरामद कर लिया गया है. सैन फ्रांसिस्को में भारतीय दूतावास ने इस दुखद खबर की पुष्टि की.
कर्नाटक के रहने वाले साकेत यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले से मास्टर ऑफ साइंस की पढ़ाई कर रहे थे. सोमवार को उनके लापता होने के बाद से ही स्थानीय पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी.
सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्थानीय पुलिस ने लापता छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव मिलने की पुष्टि की है.
दूतावास ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और कहा है कि वे स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं ताकि पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत भेजने की व्यवस्था की जा सके. दूतावास के अधिकारी परिवार के सीधे संपर्क में हैं और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, साकेत का बैकपैक, जिसमें उनका पासपोर्ट और लैपटॉप था, पार्क हिल्स इलाके में एक घर के दरवाजे पर मिला था.
स्थानीय पुलिस ने उनकी तलाश के लिए जनता से भी मदद की अपील की थी. फिलहाल साकेत की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है और स्थानीय प्रशासन मामले की जांच कर रहा है.