ईरान पर अमेरिका का हमला: इस्फ़हान में बंकर-बस्टर बमों से सैन्य डिपो तबाह
नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी सेना ने ईरान के इस्फ़हान शहर में एक विशाल गोला-बारूद डिपो पर भीषण हवाई हमला किया है. 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की रिपोर्ट के अनुसार, इस ऑपरेशन में 2,000 पाउंड (लगभग 907 किलोग्राम) वजनी बंकर-बस्टर बमों का इस्तेमाल किया गया.
अधिकारियों के मुताबिक, यह हमला इस्फ़हान स्थित एक सैन्य ठिकाने को निशाना बनाकर किया गया था, जहाँ बद्र एयरबेस जैसे महत्वपूर्ण रक्षा संस्थान मौजूद हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों और रिपोर्टों के अनुसार, शुरुआती हमले के बाद पूरे इलाके में एक के बाद एक कई जोरदार विस्फोट हुए.
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस हमले से जुड़ा एक वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर भी साझा किया है, जिसमें रात के अंधेरे में आसमान को चीरती आग की लपटें और धमाके दिखाई दे रहे हैं.
हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. यह सैन्य कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब पाकिस्तान, मिस्र, सऊदी अरब और तुर्की जैसे क्षेत्रीय देश संकट के कूटनीतिक समाधान के लिए लगातार बातचीत कर रहे हैं.
रिपोर्टों के अनुसार, ट्रंप प्रशासन फिलहाल ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान को रोकने पर विचार कर सकता है, भले ही 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' का समुद्री मार्ग बंद रहे.
हालांकि, ट्रंप ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि ईरान की "नई और अधिक समझदार सरकार" के साथ कोई ठोस समझौता नहीं होता है, तो अमेरिका ईरान के ऊर्जा ठिकानों को भी निशाना बनाने से पीछे नहीं हटेगा. Symbolic Photo