अमरीका ने कहा-छत्तीसगढ़ में अतिरिक्त सावधानी बरतें
US ट्रैवल एडवाइजरी में छत्तीसगढ़ शामिल
नई दिल्ली । डेस्क: अमरीकी विदेश मंत्रालय ने भारत के लिये ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है, जिसमें छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों को 'अतिरिक्त सावधानी' वाले क्षेत्रों में शामिल किया गया है. 16 जून को जारी इस एडवाइजरी में अपराध और आतंकवाद को लेकर चिंता जताई गई है.
किन राज्यों पर विशेष निगरानी?
अमरीका सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और मेघालय के अधिकांश हिस्सों में यात्रा से पहले अनुमति लेना अनिवार्य कर दिया है.
हालांकि, इन राज्यों की राजधानियों में यात्रा के लिए अनुमति की जरूरत नहीं होगी.
महिलाओं को अकेले यात्रा से बचने की सलाह
एडवाइजरी में कहा गया है कि भारत में बलात्कार और यौन हिंसा के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं.
अमरीकी नागरिकों, खासकर महिलाओं को अकेले यात्रा न करने की सलाह दी गई है.
साथ ही, पर्यटन स्थलों, बाजारों और सरकारी इमारतों पर आतंकी हमले का खतरा भी बताया गया है.
सैटेलाइट फोन और GPS पर प्रतिबंध
अमरीकी सरकार ने यात्रियों को चेतावनी दी है कि भारत में सैटेलाइट फोन या GPS डिवाइस रखना गैरकानूनी है, जिस पर 20 हजार डॉलर का जुर्माना या 3 साल तक की जेल हो सकती है.
मणिपुर और नेपाल बॉर्डर पर सख्त चेतावनी
मणिपुर और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों को भी खतरनाक घोषित किया गया है. साथ ही, भारत-नेपाल सीमा पर जमीनी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि वहां अवैध प्रवेश के आरोप में गिरफ्तारी और जुर्माने का खतरा है.