अमेरिका: भारतीय मूल के किशोर पर मां और छोटे भाई की हत्या का आरोप
नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिका के मैसाचुसेट्स राज्य में 17 साल के भारतीय मूल के एक किशोर पर अपनी ही मां और 14 वर्षीय छोटे भाई की बेरहमी से हत्या करने का संगीन आरोप लगा है. पुलिस ने आरोपी की पहचान एक्टन निवासी अर्जुन अरविंद के रूप में की है.
घटना के बाद आरोपी अपनी मां की कार लेकर फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने गश्त के दौरान गिरफ्तार कर लिया.
मिडिलसेक्स डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी कार्यालय के अनुसार, यह घटना बोस्टन से करीब 48 किलोमीटर दूर स्थित एक्टन शहर के मार्था लेन वाले घर में मंगलवार को घटी.
आरोपी अर्जुन ने घर के अंदर अपनी 45 वर्षीया मां सुधा वेंकटेशन और 14 वर्षीय भाई सिद्धार्थ अरविंद पर जानलेवा हमला किया. सूचना मिलने पर जब पुलिस घर पहुंची तो सिद्धार्थ का शव पहली मंजिल पर और मां सुधा का शव बेसमेंट में पड़ा मिला. दोनों के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे.
घटना का खुलासा तब हुआ जब आरोपी के पिता, जो सुबह काम पर गए थे, काफी देर तक परिवार से संपर्क नहीं कर पाए. इसके अलावा घर पहुंचे ट्यूटर का भी किसी से संपर्क नहीं हो सका, जिसके बाद पिता ने शाम 6:37 बजे पुलिस को सूचना दी. वारदात के बाद आरोपी मां की कार लेकर भाग निकला था, लेकिन बुधवार तड़के वेयलैंड शहर में पुलिस ने एक पार्किंग लॉट से उसे कार समेत धर दबोचा.
जांच अधिकारियों ने एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि अर्जुन पिछले कुछ समय से संदिग्ध व्यवहार कर रहा था. पुलिस के अनुसार, उसने इंटरनेट और चैटजीपीटी (ChatGPT) का इस्तेमाल करके अपने ही परिवार की हत्या करने के विचारों और फैंटेसी से जुड़ी चीजें सर्च की थीं.
आरोपी पर हत्या, घरेलू हिंसा और गाड़ी चुराने समेत कई संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. नाबालिग होने के बावजूद मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे वयस्क अदालत में पेश किए जाने की तैयारी है.