US संघीय अदालत ने 'एंटी-वेपनाइजेशन' फंड पर रोक लगाई
वाशिंगटन । डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की महत्वाकांक्षी योजनाओं को कोर्ट से एक और करारा झटका लगा है. एक अमेरिकी संघीय अदालत ने ट्रंप प्रशासन के $1.8 बिलियन (करीब 177.6 करोड़ डॉलर) के 'एंटी-वेपनाइजेशन' फंड को आगे बढ़ाने पर अनिश्चितकालीन रोक लगा दी है. इस योजना का उद्देश्य उन लोगों को वित्तीय मुआवजा देना था, जो कथित तौर पर सरकारी तंत्र के दुरुपयोग और 'लॉफेयर' (कानूनी लड़ाई) का शिकार हुए हैं.
वर्जीनिया के पूर्वी जिले की अमेरिकी जिला अदालत की न्यायाधीश लियोनी ब्रिंकेमा ने इस विवादास्पद फंड पर एक प्रारंभिक निषेधाज्ञा (Preliminary Injunction) जारी की है. इससे पहले पिछले सप्ताह भी अदालत ने इस पर अस्थायी रोक लगाई थी.
यह पूरा मामला ट्रंप और न्याय विभाग (DOJ) के बीच आंतरिक राजस्व सेवा (IRS) के खिलाफ दायर $10 बिलियन के एक मुकदमे में हुए समझौते से जुड़ा है. इसके तहत न्याय विभाग ने $1.776 बिलियन का एक फंड तैयार किया था, जिसकी कमान पांच सदस्यीय आयोग को सौंपी जानी थी.
यह आयोग उन लोगों को मुआवजा बांटने वाला था जिन्हें ट्रंप 'वेपनाइजेशन' का शिकार मानते हैं. इस शब्द का इस्तेमाल ट्रंप अक्सर खुद और अपने सहयोगियों के खिलाफ चल रही आपराधिक जांचों के संदर्भ में करते रहे हैं.
हालांकि, इस योजना को शुरू से ही भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा था. हाल ही में अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश ने बढ़ती आलोचनाओं के बीच इन योजनाओं को पीछे खींचने के संकेत दिए थे.
सरकारी वकीलों ने अदालत में दलील दी थी कि अब इस योजना को चुनौती देने वाली याचिकाएं बेमानी हो चुकी हैं, क्योंकि सरकार खुद कदम पीछे खींच चुकी है. अभी तक न तो इस फंड के लिए कोई आयोग बनाया गया है और न ही किसी को कोई भुगतान किया गया है.
इस योजना का विरोध खुद रिपब्लिकन पार्टी के भीतर भी हो रहा था. कई रिपब्लिकन नेता 6 जनवरी 2021 को अमेरिकी कैपिटल (संसद भवन) पर हुए हमले के दोषियों को मुआवजा देने के सख्त खिलाफ हैं.
हालांकि, मई में अटॉर्नी जनरल ब्लांश ने इस बात से इनकार नहीं किया था कि कैपिटल हिंसा में शामिल लोग भी इस फंड के लिए आवेदन करने के पात्र हो सकते हैं. गौरतलब है कि ट्रंप ने पिछले साल राष्ट्रपति पद संभालते ही पहले ही दिन 6 जनवरी के दंगों के आरोपियों को सामूहिक माफी दे दी थी, जिससे 1,500 से अधिक लोगों पर चल रहे मामले खत्म हो गए थे.
मामले को अदालत में ले जाने वाले याचिकाकर्ताओं का तर्क है कि यह योजना टैक्सपेयर्स के पैसे को एक प्रकार के 'स्लश फंड' (अवैध या मनमाने खर्चों के लिए रखे गए पैसे) में तब्दील करने की कोशिश थी.
उन्हें सरकार के इस आश्वासन पर भी संदेह है कि इस योजना को पूरी तरह बंद कर दिया गया है. भले ही प्रशासन इस योजना से पीछे हटता दिख रहा हो, लेकिन खुद डोनाल्ड ट्रंप ने अभी तक इसे रद्द करने का समर्थन नहीं किया है और वे मीडिया में लगातार इस फंड की तारीफ करते आ रहे हैं.