शांति एक्ट पर बवाल: अडानी ने बनाई न्यूक्लियर कंपनी, कांग्रेस ने घेरा
नई दिल्ली । डेस्क: अडानी पावर द्वारा परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में अपनी नई सहायक कंपनी 'अडानी एटॉमिक एनर्जी लिमिटेड' के गठन की घोषणा के बाद देश में राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है. कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि हाल ही में पारित 'शांति (SHANTI) एक्ट, 2025' विशेष रूप से अडानी समूह को लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से लाया गया है.
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तंज कसते हुए कहा कि 'शांति' का असली अर्थ 'श्रीमान अडानी न्यूक्लियर टेक इनिशिएटिव' है. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले सत्र में इस विधेयक को केवल एक व्यापारिक घराने को फायदा पहुँचाने के लिए जल्दबाजी में पारित किया गया था.
In the last session, the SHANTI Bill was rushed through Parliament to allow private companies to own and operate nuclear power plants. In my speech in the Rajya Sabha, I had said that the SHANTI Bill was being enacted to favour the favourite. Now we now the real meaning of… pic.twitter.com/WVps9kT1ag
— Jairam Ramesh (@Jairam_Ramesh) February 13, 2026
उल्लेखनीय है कि यह नया कानून 1962 के परमाणु ऊर्जा अधिनियम की जगह लेता है, जो निजी क्षेत्र को परमाणु संयंत्रों के निर्माण, स्वामित्व और संचालन के साथ-साथ ईंधन निर्माण जैसी गतिविधियों में शामिल होने की अनुमति देता है.
अडानी पावर ने शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया कि उसे 11 फरवरी, 2026 को नई कंपनी के पंजीकरण का प्रमाणपत्र प्राप्त हो गया है. जहाँ सरकार का लक्ष्य 2047 तक परमाणु क्षमता को 100 गीगावाट तक ले जाना है, वहीं विपक्ष इसे 'कॉर्पोरेट पक्षपात' के रूप में देख रहा है.
हालांकि, सरकारी ढांचे के अनुसार, कोई भी पात्र निजी कंपनी निर्धारित नियामक व्यवस्था के तहत लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकती है.