शनि, 07 नव. 2026

CGKhabar

केपी शर्मा ओली के अवसान की अनकही दास्तान

C

CG Khabar

11 जून 2026, 06:32 PM 6 मिनट में पढ़ें 11

केपी शर्मा ओली
केपी शर्मा ओली

काठमांडू । डेस्क: वाकपटुता में माहिर, तीखे तेवर और खुद को सर्वोपरि मानने वाले खड्ग प्रसाद शर्मा ओली आज नेपाल की सियासत के सबसे विभाजनकारी चेहरे बन चुके हैं. कुछ लोग उन्हें एक सच्चे राष्ट्रवादी नेता के रूप में देखते हैं जिसने संकट के समय देश का पक्ष मजबूती से रखा, तो वहीं विरोधी उन्हें एक ऐसा अहंकारी नेता मानते हैं जो केवल अपनी मर्जी से शासन चलाना चाहता था. लेकिन आज समय का पहिया पूरी तरह घूम चुका है. 


कभी देश के सबसे ताकतवर चार बार के प्रधानमंत्री रहे ७४ वर्षीय ओली आज अपनी ही पार्टी एमाले (UML) में हाशिए पर हैं और राजनीतिक गुमनामी के मुहाने पर खड़े हैं. झापा के भूमिगत कम्युनिस्ट आंदोलन से लेकर काठमांडू के सिंहदरबार तक का उनका पांच दशकों का सफर जेल की यातनाओं, गंभीर बीमारियों और राजनीतिक उलटफेरों से भरा रहा है, लेकिन वर्तमान संकट उनके शानदार करियर का अंत साबित हो सकता है.

विज्ञापन


सितंबर २०२५ का वह खूनी हफ्ता और ओली का इस्तीफा:


ओली के इस राजनीतिक पतन की पटकथा पिछले साल लिखी गई थी. ९ सितंबर २०२५ की दोपहर को आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री निवास बालुवाटार पर धावा बोल दिया था. इससे ठीक एक दिन पहले पुलिस की गोलीबारी में १९ युवा प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई थी, जिसने पूरे देश में गुस्से की आग भड़का दी थी. काठमांडू की सड़कों पर धुआं और अराजकता का माहौल था. 


सुप्रीम कोर्ट, संसद और राष्ट्रपति भवन जैसी प्रमुख इमारतें आग के हवाले की जा रही थीं. इस भीषण दबाव के बावजूद ओली के चेहरे पर एक अजीब सी शांति थी और उन्होंने शुरुआत में इस्तीफा देने से साफ इनकार कर दिया था.


जब वित्त मंत्री विष्णु पौडेल, मुख्य सलाहकार विष्णु रिमाल और प्रदीप ग्यावली जैसे बेहद करीबी नेताओं ने उन पर दबाव बनाया, तब जाकर वे सादे कागज पर अपना इस्तीफा लिखने के लिए तैयार हुए. इसके बाद सेना के हेलीकॉप्टर से उन्हें गुपचुप तरीके से चितलांग बैरक ले जाया गया. करीब दस दिनों की रहस्यमयी चुप्पी के बाद जब वे भक्तपुर के गुंडू में सामने आए, तो उनके तेवर रत्ती भर भी कम नहीं हुए थे. 


उनका घर बालकोट में जलकर राख हो चुका था और उनके वफादार महेश बस्नेत ने उनके रहने का इंतजाम किया था. ओली ने इस पूरे आंदोलन को एक सोची-समझी साजिश करार दिया. दरअसल, इस जन-आक्रोश की मुख्य वजह ओली सरकार द्वारा फेसबुक, एक्स और व्हाट्सएप सहित २६ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगाया गया प्रतिबंध था, जिसने देश की युवा पीढ़ी (Gen Z) को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर कर दिया था.भूमिगत आंदोलन से लेकर राष्ट्रवाद के उदय की कहानी:


ओली के इस अदम्य साहस और हठ को समझने के लिए उनके अतीत को जानना जरूरी है. १९५२ में एक गरीब परिवार में जन्मे ओली ने केवल चार साल की उम्र में अपनी मां को खो दिया था और अपनी दादी की देखरेख में पले-बढ़े. १९६७ के भारत के नक्सलबाड़ी आंदोलन से प्रभावित होकर वे झापा विद्रोह में शामिल हुए और 'वर्ग शत्रुओं' के खात्मे की राजनीति का हिस्सा बने. 


इसी दौरान १९७३ में उन्हें गिरफ्तार किया गया और उन्होंने पंचायत शासन के खिलाफ १४ साल जेल में बिताए. जेल की इसी कठोर अवधि में उन्हें तपेदिक और अल्सर जैसी गंभीर बीमारियां हुईं, जिसके कारण बाद में २००७ और २०२० में उनके दो किडनी ट्रांसप्लांट भी हुए.


१९९० में लोकतंत्र की बहाली के बाद ओली तेजी से उभरे और १९९४ में गृह मंत्री बने. १९९६ की महाकाली संधि का समर्थन करने के कारण उन्हें कभी 'भारत का आदमी' भी कहा गया था. 

लेकिन २०१५ में जब नेपाल ने नया संविधान अपनाया और भारत ने सीमा पर आर्थिक नाकाबंदी कर दी, तो ओली ने खुद को देश के सबसे मुखर राष्ट्रवादी चेहरे के रूप में स्थापित कर लिया. इसके बाद उन्होंने प्रचंड की माओवादी पार्टी के साथ गठबंधन किया और २०१८ में नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (NCP) बनाकर देश के इतिहास का सबसे मजबूत दो-तिहाई बहुमत हासिल किया.


संसद भंग करने की जिद और चुनाव में ऐतिहासिक शिकस्त:


ओली इस प्रचंड बहुमत और सत्ता को संभाल नहीं पाए. प्रचंड के साथ सत्ता की साझेदारी और अहंकार के टकराव के कारण २०२० में यह ऐतिहासिक वामपंथी एकता बिखर गई. इसी दौरान ओली सरकार ने कालापानी-लिपुलेख-लिंपियाधुरा को समेटते हुए नेपाल का नया नक्शा जारी किया और भारत के राष्ट्रीय प्रतीक का संसद में मजाक उड़ाकर राष्ट्रवाद को नया हवा दी. 


लेकिन अंदरूनी कलह के कारण ओली ने दिसंबर २०२० और मई २०२१ में दो बार संसद भंग कर दी, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने असंवैधानिक घोषित करते हुए शेर बहादुर देउबा को प्रधानमंत्री बनाने का आदेश दिया. ओली ने जोड़-तोड़ की राजनीति से बाद में देउबा के साथ मिलकर फिर सरकार तो बना ली, लेकिन जनता का भरोसा खो चुके थे.


इस राजनीतिक अस्थिरता के बीच ५ मार्च को देश में आम चुनाव हुए. यह चुनाव ओली के लिए एक ऐतिहासिक दुःस्वप्न साबित हुआ. खुद ओली अपने गढ़ झापा-५ से युवा गैर-राजनीतिक नेता बालेंद्र शाह के हाथों लगभग ५०,००० वोटों के भारी अंतर से चुनाव हार गए. इस करारी हार के बाद भी ओली ने अपनी गलती मानने के बजाय सीधे मतदाताओं को ही दोषी ठहरा दिया कि उन्होंने एमाले को वोट न देकर बड़ी भूल की है.

पार्टी के भीतर बगावत और ओली का आखिरी स्टैंड:


आज स्थिति यह है कि केपी शर्मा ओली अपनी ही पार्टी के भीतर पूरी तरह अलग-थलग पड़ चुके हैं. गोकुल बास्कोटा जैसे उनके कभी बेहद वफादार रहे नेता अब सार्वजनिक मंचों से उनकी खुलकर आलोचना कर रहे हैं और कह रहे हैं कि ओली के नेतृत्व में अब पार्टी आगे नहीं बढ़ सकती क्योंकि उन्होंने सामूहिक निर्णय लेने की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को खत्म कर दिया है. 


पूर्व प्रधानमंत्री झलनाथ खनाल का कहना है कि ओली इतिहास के एक असफल नेता हैं जिन्होंने दो-तिहाई बहुमत के सबसे बड़े लोकतांत्रिक अवसर को अपने अहंकार में गंवा दिया. इसके बावजूद पित्त की थैली के ऑपरेशन के बाद एकांतवास काट रहे ओली झुकने को तैयार नहीं हैं. 


हाल ही में ३ जून को काठमांडू में उन्होंने वर्तमान सुशीला कार्की सरकार को पूर्वाग्रहों का पुलिंदा बताया और साफ कह दिया कि वे पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा नहीं देंगे. झापा की जेलों से शुरू हुआ ओली का यह सफर आज इतिहास के उस मोड़ पर है जहां उनके राजनीतिक अस्तित्व पर ही सवालिया निशान लग गया है.



यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP