छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश और बिजली की मार
छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. बेमौसम बारिश ऊपर से और बिजली की मार
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में मौसम का रंग बदल हुआ है. रविवार की सुबह रायपुर शहर के बाहरी क्षेत्र और दुर्ग में सुबह बारिश हुई. मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के जिलों में गरज चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है.
पिछले 24 घंटे में रायगढ़ के कापू में सबसे ज्यादा 51.5 मिली मीटर बारिश हुई.
इस दरमियान आकाशीय बिजली के गिरने से पिछले 3 दिनों में 3 लोगों की मौत हुई है.
मौसम विभाग के मुताबिक अब वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर कम होने लगा है.
अगले 24 घंटे प्रदेश के अधिकतम तापमान में स्थिरता रहेगी.
उत्तर छत्तीसगढ़ यानी सरगुजा संभाग और उससे लगे जिलों में अगले 4 दिनों तक दिन के तापमान में 5-6 डिग्री की बढ़ोतरी होगी.
प्रदेश के बाकी हिस्सों के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री बढ़ोतरी की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार जशपुर, शंकरगढ़ में 50 मिमी, सूरजपुर में 40 मिमी, भैयाथान, अंतागढ़, कोचली में 30 मिमी बारिश हुई.
वहीं प्रदेश के कई हिस्सो में बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं.
सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री राजनांदगांव में दर्ज किया गया.
अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री दर्ज किया गया.
मौसम में आए परिवर्तन के कारण ज्यादातर हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से कम रहा.
सुबह से ही रायपुर में बादल छाए
रायपुर में आज तड़के से ही बादल छाए हुए हैं. कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई है.
तापमान 37 डिग्री और रात का तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है.
रायपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम रहा.
यहां दिन का तापमान 35 डिग्री और रात का तापमान 22.7 डिग्री दर्ज किया गया.
हल्के बादल छाए रहने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली.
बिलासपुर में पारा सामान्य से 6 डिग्री कम रहा
बिलासपुर में दिन का तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य से 6 डिग्री कम रहा.
न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री रहा, जो औसत से 0.7 डिग्री अधिक रहा.
गौरेला पेंड्रा मरवाही में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री कम रहा.
न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहा.
बस्तर में हल्की बारिश के आसार
बस्तर संभाग में आज गरज-चमक के साथ हल्की बूंदा-बांदी होने की संभावना है.
जगदलपुर में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री रहा. यह सामान्य से 2 डिग्री कम रहा. रात का तापमान 21.1 डिग्री दर्ज किया गया.