कुलदीप सेंगर की सजा पर रोक हटाने के आदेश को SC ने पलटा
उन्नाव रेप केस: कुलदीप सेंगर की सजा पर रोक हटाने के आदेश को SC ने पलटा
नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार 29 दिसंबर, 2025 को एक बड़ा फैसला सुनाते हुए उन्नाव बलात्कार मामले के दोषी और पूर्व भाजपा नेता कुलदीप सिंह सेंगर की उम्रकैद की सजा को निलंबित करने के दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर रोक लगा दी है. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जे.के. माहेश्वरी और न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज की पीठ ने यह आदेश सुनाते हुए पीड़िता को कानूनी सहायता प्रदान करने का भी निर्देश दिया.
सुनवाई के दौरान सीबीआई की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने हाईकोर्ट के फैसले का कड़ा विरोध किया. उन्होंने दलील दी कि सेंगर एक प्रभावशाली स्थिति में थे और उन्हें न केवल पोक्सो अधिनियम के तहत दोषी ठहराया गया है, बल्कि उन पर पीड़िता के पिता की हत्या का भी दोष सिद्ध हुआ है.
कोर्ट ने सुनवाई के दौरान पोक्सो कानून के तहत 'लोक सेवक' की परिभाषा में स्पष्टता की कमी पर भी टिप्पणी की. पीठ ने गौर किया कि जहां एक पटवारी या पुलिस कांस्टेबल को इस श्रेणी में रखकर दोषी ठहराया जा सकता है, वहीं मौजूदा व्याख्या के अनुसार एक विधायक को लोक सेवक नहीं माना जा रहा है.
इससे पहले, 23 दिसंबर को दिल्ली हाईकोर्ट ने सेंगर की सजा यह कहते हुए निलंबित कर दी थी कि वह सात साल और पांच महीने की जेल काट चुका है. सेंगर ने 2019 में ट्रायल कोर्ट द्वारा सुनाई गई उम्रकैद की सजा को चुनौती दी थी. अब सुप्रीम कोर्ट के इस हस्तक्षेप के बाद सेंगर की रिहाई की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है.
उन्नाव रेप केस
उत्तर प्रदेश के उन्नाव की रहने वाली एक नाबालिग लड़की ने आरोप लगाया कि तत्कालीन भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर ने अपने आवास पर जून 2017 को उसके साथ बलात्कार किया. उस समय पीड़िता की उम्र 17 वर्ष थी. यह मामला करीब एक साल तक दबा रहा. अप्रैल 2018 में पीड़िता ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास के बाहर आत्मदाह की कोशिश की, क्योंकि पुलिस उसकी शिकायत दर्ज नहीं कर रही थी. इसके तुरंत बाद पीड़िता के पिता की पुलिस हिरासत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे पूरे देश में जनाक्रोश फैल गया.
इलाहाबाद हाई कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद मामला CBI को सौंपा गया. 13 अप्रैल 2018 को कुलदीप सिंह सेंगर को गिरफ्तार किया गया. भाजपा ने बाद में उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया.
जुलाई 2019 में पीड़िता, उसके वकील और परिवार के सदस्य रायबरेली में एक संदिग्ध ट्रक दुर्घटना का शिकार हो गए. हादसे में पीड़िता की दो चाचियों की मौत हो गई, जबकि पीड़िता और उसके वकील गंभीर रूप से घायल हो गए. सुप्रीम कोर्ट ने इसका संज्ञान लेते हुए मामले को उत्तर प्रदेश से दिल्ली ट्रांसफर कर दिया.
दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने कुलदीप सेंगर को अपहरण और बलात्कार का दोषी पाया और उन्हें उम्रकैद (जब तक मृत्यु न हो) की सजा सुनाई. साथ ही 25 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया. मार्च 2020 में सेंगर को पीड़िता के पिता की कस्टोडियल डेथ (हिरासत में मौत) के मामले में दोषी ठहराते हुए 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई.
पिछले मंगलवार को दिल्ली हाई कोर्ट ने यह देखते हुए सेंगर की सजा निलंबित कर दी थी कि वह 7 साल 5 महीने जेल में बिता चुका है. इस फैसले के बाद पीड़िता और उसकी माँ ने दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया, जिन्हें पुलिस ने बलपूर्वक हटा दिया.