विविधता में एकता भारत के डीएनए में है- मोहन भागवत
न्यूयॉर्क । डेस्क: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने अमेरिकी धरती से दुनिया भर को समावेशिता, भाईचारे और वसुधैव कुटुंबकम का स्पष्ट संदेश दिया है. न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित मैडिसन स्क्वायर गार्डन स्थित इन्फोसिस थिएटर में आयोजित 'यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन' में 6,000 से अधिक भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्यों और विभिन्न धर्मों के आध्यात्मिक गुरुओं को संबोधित करते हुए संघ प्रमुख ने कहा कि विविधता में एकता भारत का मूल स्वभाव और उसका डीएनए है. उन्होंने जोर देकर कहा कि इस विविधता को केवल स्वीकार करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि इसका सम्मान और उत्सव मनाया जाना चाहिए. अपने लगभग एक घंटे लंबे भाषण में उन्होंने भारत के वैश्विक दृष्टिकोण, प्रवासियों के कर्तव्यों और सच्चे हिंदुत्व की परिभाषा को विस्तार से रेखांकित किया.
अमेरिका 'प्लुरलिज्म' तो भारत 'विविधता में एकता'
मैडिसन स्क्वायर गार्डन में तालियों की गड़गड़ाहट के बीच मोहन भागवत ने कहा कि जब अमेरिका की बात होती है तो बहुलवाद यानी 'प्लुरलिज्म' शब्द सबसे ज्यादा चर्चा में रहता है. वहीं जब भारत का जिक्र आता है, तो 'विविधता में एकता' का विचार सामने आता है. उन्होंने स्वामी विवेकानंद के संदेश का स्मरण कराते हुए कहा कि हर देश का दुनिया में एक विशेष मिशन और नियति होती है. भारत की नियति पूरी दुनिया को इस एकता का अहसास कराना है. उन्होंने कहा कि हम सब मूल रूप से एक ही हैं और हमारी यह विविधता उस एकता को सुशोभित करती है. भारत ने हमेशा से दुनिया को यह सिखाया है कि विविधता प्राकृतिक है, जबकि एकता ही अंतिम सत्य है.
'कर्मभूमि के प्रति रहें वफादार, जन्मभूमि के मूल्यों को जिएं'
संघ प्रमुख ने अमेरिकी भारतीय समुदाय को उनकी 'कर्मभूमि' के प्रति उनके कर्तव्यों की याद दिलाई. उन्होंने कहा कि जो भारतीय अमेरिका में रह रहे हैं, वहीं कमा रहे हैं और वहीं अपना जीवन व्यतीत कर रहे हैं, उन्हें अमेरिका के प्रति पूरी तरह वफादार और सच्चे रहना चाहिए. यह उनका पहला कर्तव्य है. अपनी 'जन्मभूमि' यानी भारत के प्रति लगाव को उन्होंने एक स्वाभाविक भावना बताया, लेकिन स्पष्ट किया कि अपनी कर्मभूमि के प्रति निष्ठा सर्वोपरि होनी चाहिए. भारत अपने नागरिकों से केवल यह अपेक्षा करता है कि वे उन मानवीय और टिकाऊ जीवन मूल्यों को जिएं जो भारत की संस्कृति ने उन्हें दिए हैं. संघ प्रमुख के अनुसार, कोई भी राष्ट्र केवल जमीन का टुकड़ा नहीं होता, बल्कि एक जीवन दर्शन होता है.
"जो मुसलमान को भारत में नहीं चाहता, वह हिंदू नहीं"
सर्वधर्म समभाव और हिंदुत्व के वास्तविक अर्थ को समझाते हुए मोहन भागवत ने एक बेहद कड़ा और स्पष्ट संदेश दिया. उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति यह सोचता है कि भारत में मुसलमानों के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए, तो वह व्यक्ति सच्चा हिंदू हो ही नहीं सकता. हिंदुत्व का मूल विचार यह मानता है कि सभी धार्मिक मार्ग एक ही ईश्वर या लक्ष्य की ओर जाते हैं और प्रत्येक मनुष्य का अपना गरिमामय अस्तित्व है. उन्होंने 1996 के दर्दनाक चरखी दादरी विमान हादसे का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे आरएसएस के स्वयंसेवकों ने बिना किसी धर्म या पहचान का विचार किए पीड़ितों और मृतकों की सेवा की थी. उन्होंने कहा कि सेवा करते समय स्वयंसेवक कभी यह नहीं सोचते कि सामने वाला किस मजहब का है.
30 देशों के धर्मगुरुओं का साझा आह्वान
'अमेरिकन हिंदूज फॉर एंगेजमेंट एंड डायलॉग' (AHEAD) द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में 39 राज्यों, 853 शहरों और 250 से अधिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. मुख्य भाषण से पूर्व विभिन्न पंथों और धर्मों के प्रमुख गुरुओं ने भी अपने विचार रखे. इस अवसर पर 30 देशों के लगभग 180 धार्मिक नेताओं ने एक 5-सूत्रीय 'कॉल टू एक्शन' जारी किया. इसमें संकल्प लिया गया कि जब भी किसी समुदाय पर संकट आएगा या उसे निशाना बनाया जाएगा, तो अन्य समुदाय उसके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होंगे. सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और ढोल-ताशा की गूंज के साथ कार्यक्रम ने दुनिया को यही संदेश दिया कि विविधता ही मानव समाज की असली सुंदरता है.