दीवार फांदकर भागा विचाराधीन कैदी, प्रहरियों ने दोबारा दबोचा
पेन्ड्रारोड । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जिला जेल पेंड्रारोड की सुरक्षा को ठेंगा दिखाकर एक विचाराधीन कैदी के फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोपी जेल की ऊंची बाउंड्री वॉल फांदकर रफूचक्कर हो गया था, जिसके बाद जेल महकमे में हड़कंप मच गया. हालांकि, मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए त्वरित घेराबंदी की और कुछ ही देर में भगोड़े कैदी को दोबारा अपनी हिरासत में ले लिया.
यह पूरी घटना बीते 12 जून की सुबह करीब 6 से 10 बजे के दरमियान की बताई जा रही है. सुरक्षा में चूक का फायदा उठाते हुए बचरवार निवासी 19 वर्षीय कुलदीप राठौर उर्फ पटेल ने वहां तैनात प्रहरियों को झांसा दिया और जेल की मुख्य दीवार लांघकर चंपत हो गया.
जैसे ही बंदी के गायब होने की भनक लगी, जेल परिसर में खलबली मच गई और आनन-फानन में उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया. जिसके बाद पीछा कर रही जेल स्टाफ की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया और वापस सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.
जेल प्रशासन ने इस सुरक्षा चूक को बेहद गंभीरता से लिया है. सहायक जेल अधीक्षक की शिकायत पर अब गौरेला थाने में आरोपी कुलदीप के खिलाफ जेल से फरारी काटने के प्रयास का नया मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
इसके साथ ही घटना की विस्तृत रिपोर्ट केंद्रीय जेल बिलासपुर को प्रेषित कर दी गई है.
जेल प्रबंधन अब इस बात की आंतरिक जांच कर रहा है कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद चूक कहां हुई, ताकि आने वाले समय में ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके. गौरतलब है कि आरोपी कुलदीप को पेण्ड्रा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत गिरफ्तार किया था, जिसे मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के रिमांड आदेश पर 10 जून को ही जिला जेल लाया गया था.