संयुक्त राष्ट्र ने दी भीषण गर्मी की चेतावनी, खाद्य संकट बढ़ने के आसार
नई दिल्ली । डेस्क: संयुक्त राष्ट्र की मौसम एजेंसी विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने दुनिया भर में मौसम के चरम पर पहुंचने की गंभीर चेतावनी जारी की है. WMO के अनुसार, प्रशांत महासागर में तेजी से उभर रहे 'अल नीनो' मौसम पैटर्न के कारण आने वाले हफ्तों और महीनों में विनाशकारी मौसमी बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
वैज्ञानिकों का अनुमान है कि जून से अगस्त के बीच अल नीनो के सक्रिय होने की संभावना 80 प्रतिशत है, जो नवंबर तक बढ़कर 90 प्रतिशत हो जाएगी. संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इसे एक बेहद गंभीर चेतावनी बताते हुए कहा कि विज्ञान स्पष्ट है और अल नीनो हमारी दहलीज पर दस्तक दे चुका है, जिसे दुनिया को एक 'अर्जेंट क्लाइमेट वार्निंग' की तरह लेना चाहिए.
आमतौर पर हर दो से सात साल में आने वाला अल नीनो हवा, दबाव और बारिश के वैश्विक चक्र को पूरी तरह बदल देता है. इस बार इसके 'मध्यम से मजबूत' रहने की आशंका है, जिसके प्रभाव बहुत तेजी से सीमाओं को पार करेंगे.
इसके कारण जहां दक्षिण अमेरिका, अमेरिका, मध्य एशिया और हॉर्न ऑफ अफ्रीका में भारी बारिश और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है, वहीं ऑस्ट्रेलिया, मध्य अमेरिका, इंडोनेशिया और दक्षिण एशिया (भारत सहित) के कई हिस्सों में गंभीर सूखे की स्थिति पैदा हो सकती है. इसके अलावा, मध्य और पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में खतरनाक चक्रवातों के उठने की भी आशंका है.
इस मौसमी उथल-पुथल का सीधा असर वैश्विक अर्थव्यवस्था और आम उपभोक्ताओं की जेब पर भी पड़ेगा. पहले से ही जारी भू-राजनीतिक तनावों और मुद्रास्फीति से जूझ रही दुनिया में अल नीनो के कारण खाद्य सामग्री की कीमतें और बढ़ सकती हैं.
दुनिया के सबसे बड़े कोको प्रोसेसर 'बैरी कैलेबॉट' के सीईओ हेन शूमाकर ने सचेत किया है कि वैश्विक उत्पादन का 60 प्रतिशत हिस्सा देने वाले इक्वाडोर और पश्चिमी अफ्रीका में फसलें बुरी तरह प्रभावित हो सकती हैं, जिससे आने वाले समय में कीमतें आसमान छू सकती हैं.
स्वास्थ्य के मोर्चे पर भी यह बदलाव भारी मुसीबतें ला सकता है. WMO की महानिदेशक सेलेस्टे साउलो के मुताबिक, चरम गर्मी और मौसमी बदलावों से मच्छरों और कीड़ों से फैलने वाली बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ेगा, जबकि दुनिया के कई हिस्सों में भोजन और पीने के साफ पानी की भारी किल्लत हो सकती है.
इससे पहले 2023-2024 में आए मजबूत अल नीनो ने साल 2024 को इतिहास का सबसे गर्म साल बनाने में बड़ी भूमिका निभाई थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यूरोपीय संघ (EU) ने साइप्रस, ग्रीस, इटली, फ्रांस, स्पेन और पुर्तगाल जैसे हाई-रिस्क वाले देशों में रिकॉर्ड संख्या में अग्निशामकों और विमानों को तैनात करने की योजना बनाई है ताकि जंगलों की भीषण आग से निपटा जा सके.
यूएन प्रमुख ने साफ किया है कि यह संकट इस बात की याद दिलाता है कि दुनिया को अब जीवाश्म ईंधन (फॉसिल फ्यूल) को छोड़कर जल्द से जल्द रिन्यूएबल एनर्जी की तरफ बढ़ना होगा.