UN विशेषज्ञ: जेफ्री एपस्टीन के अपराध 'मानवता के खिलाफ अपराध', जाँच की मांग
जेनेवा । डेस्क: संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) द्वारा नियुक्त स्वतंत्र विशेषज्ञों के एक पैनल ने दिवंगत अपराधी जेफ्री एपस्टीन के कृत्यों पर एक चौंकाने वाला बयान जारी किया है. विशेषज्ञों का कहना है कि एपस्टीन और उसके सहयोगियों द्वारा महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ किए गए अत्याचारों का पैमाना, प्रकृति और व्यवस्थित स्वरूप इतना गंभीर है कि इसे कानूनी रूप से 'मानवता के खिलाफ अपराध' माना जा सकता है.
संयुक्त राष्ट्र के इन विशेषज्ञों ने अमेरिका द्वारा हाल ही में जारी किए गए लाखों दस्तावेजों, जिन्हें 'एपस्टीन फाइल्स' कहा जा रहा है, का विश्लेषण करने के बाद यह टिप्पणी की है.
विशेषज्ञों के अनुसार, ये दस्तावेज अमानवीयता, नस्लवाद और भ्रष्टाचार की एक गहरी कहानी बयां करते हैं और संकेत देते हैं कि यह एक 'वैश्विक आपराधिक उद्यम' था.
पैनल ने राजनीति, व्यापार, विज्ञान और संस्कृति जगत की उन प्रमुख हस्तियों के खिलाफ निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की मांग की है जिनके नाम इन फाइल्स में सामने आए हैं.
रिपोर्ट में अमेरिकी सरकार द्वारा फाइल्स को पूरी तरह से सार्वजनिक न करने और महत्वपूर्ण नामों को छिपाने के लिए की गई 'भारी एडिटिंग' की भी कड़ी आलोचना की गई है.
विशेषज्ञों ने कहा कि सूचनाओं को छिपाने की कोशिश से पीड़ितों को 'संस्थागत गैसलाइटिंग' का अनुभव हो रहा है और यह न्याय के प्रति जिम्मेदारी की विफलता है. ज्ञात हो कि एपस्टीन की 2019 में जेल में मृत्यु हो गई थी, जबकि उसकी सहयोगी घिसलेन मैक्सवेल वर्तमान में 20 साल की सजा काट रही है.