उदंती नदी: छत्तीसगढ़ के बैराज निर्माण पर ओडिशा में भारी विरोध
भुवनेश्वर । डेस्क: छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा उदंती नदी पर बैराज निर्माण की प्रक्रिया शुरू किए जाने की खबरों ने ओडिशा में एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है. विपक्षी दल बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस ने इस कदम पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए महानदी जल विवाद के समाधान के लिए ओडिशा सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर गंभीर सवाल उठाए हैं.
उदंती नदी, जो छत्तीसगढ़ से निकलकर ओडिशा के नुआपाड़ा और कालाहांडी जिलों से होकर बहती है, महानदी प्रणाली की एक महत्वपूर्ण सहायक नदी है.
ओडिशा सरकार ने पूर्व में 2018 में भी इस परियोजना का विरोध किया था, क्योंकि इससे हीराकुंड बांध में पानी की आवक कम होने की आशंका है.
बीजद प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने हाल ही में हुई संयुक्त तकनीकी समिति (JTC) की बैठकों की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए मांग की है कि सरकार इन चर्चाओं को सार्वजनिक करे.
उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि जब छत्तीसगढ़ नए बैराज को मंजूरी दे रहा है, तो बातचीत का क्या अर्थ रह जाता है.
वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने इसे 'डबल इंजन' सरकार की विफलता करार दिया है.
दूसरी ओर, ओडिशा के महाधिवक्ता पीतांबर आचार्य ने सकारात्मक प्रगति का दावा किया है, हालांकि उन्होंने फरवरी में होने वाली महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण की सुनवाई का हवाला देते हुए विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया.
अब देखना यह है कि 7 फरवरी की सुनवाई और राजनीतिक दबाव के बीच ओडिशा सरकार इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाती है.