बांकीमोंगरा सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, परिजनों ने किया चक्काजाम
कोरबा । संवाददाता: कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई. तेज रफ्तार ट्रेलर और बाइक की भीषण भिड़ंत में अरदा गांव निवासी सूरजभान ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके रिश्तेदार सूरज पटेल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है.
सोमवार रात लगभग 8 बजे रोंगा की तरफ से आ रहे ट्रेलर (CG-04-JB-5380) ने विपरीत दिशा से आ रही बाइक (CG-12-BL-9042) को चांदनी चौक के पास जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सीधे ट्रेलर के नीचे आ फंसी. हादसे की सूचना मिलने पर गंभीर रूप से घायल सूरज पटेल को 108 एंबुलेंस की मदद से तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका.
घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने चांदनी चौक पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. प्रदर्शनकारी पीड़ित परिवारों के लिए उचित मुआवजे, फरार ट्रेलर चालक की तुरंत गिरफ्तारी और दुर्घटना संभावित क्षेत्र चांदनी चौक पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग कर रहे थे.
चक्काजाम और तनावपूर्ण स्थिति की जानकारी मिलते ही नायब तहसीलदार अमरदीप आंचल, बांकीमोंगरा थाना प्रभारी जितेंद्र यादव और दर्री सीएसपी विमल पाठक पुलिस बल के साथ स्थल पर पहुंचे. प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों से मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की.
लगभग दो घंटे तक चली समझाइश और मांगों पर सहमति बनने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया.