पुलिस मुखबिरी के शक में दो ग्रामीणों की हत्या
छत्तीसगढ़ में पुलिस मुखबिरी के शक में दो ग्रामीणों की हत्या
बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में संदिग्ध माओवादियों ने पुलिस मुखबिरी के शक में दो ग्रामीणों की हत्या कर दी है.
माओवादी बीती रात को दोनों ग्रामीणों को घर से उठाकर ले गए थे. जंगल में हत्या करने के बाद दोनों का शव गांव के पास फेंक दिया.
शव के पास माओवादियों ने पर्चा भी फेंका है, जिसमें लिखा है कि दोनों ग्रामीण माओवादियों की जानकारी पुलिस को देते थे, इसीलिए दोनों को मौत की सजा दी गई है.
पुलिस के मुताबिक घटना तर्रेम थाना क्षेत्र के ग्राम बुड़गीचेरू गांव की है.
बताया गया कि 3 फरवरी की देर रात को कुछ हथियार बंद माओवादी गांव के कारम राजू और माडवी मुन्ना के घर पहुंचे थे.
उस समय दोनों ग्रामीण खाना खाकर अपने घर में सो रहे थे. माओवादियों ने दरवाजा खटखटा कर दोनों को उठाया और अपने साथ जबरदस्ती उठा कर जंगल की ओर ले गए.
रात में ही दोनों की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी. मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने देखा की दोनों का शव गांव के नजदीक पड़ा हुआ था.
इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.
एक साल में 65 लोगों की हत्या
इससे पहले 27 जनवरी को भी बीजापुर में माओवादियों ने एक ग्रामीण की उसके घर में घुस कर हत्या कर दी थी.
मौके पर माओवादी संगठन भैरमगढ़ एरिया कमेटी का पर्चा मिला था, जिसमें नक्सलियों ने मुखबिर का आरोप लगाते हुए हत्या करने की बात लिखी थी.
वहीं छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर में साल 2024 में कथित माओवादियों ने करीब 65 ग्रामीणों की हत्या की है.
लगभग सभी मामलों में ग्रामीणों पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया गया है.
इनमें से बीजापुर जिले से ही 10 लोगों की हत्या हुई है.