छत्तीसगढ़: 'पाकिस्तान-आधारित ISIS मॉड्यूल' से जुड़े दो नाबालिग गिरफ्त में
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ आतंकवाद निरोधी दस्ता (ATS) ने रायपुर के दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है. एटीएस का दावा है कि ये दोनों किशोर पाकिस्तान-आधारित इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (ISIS) मॉड्यूल से जुड़े हैंडलर्स के संपर्क में थे, जिन्होंने उन्हें सुनियोजित तरीके से कट्टरपंथी बनाया.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन हैंडलर्स का उद्देश्य दोनों नाबालिगों के माध्यम से छत्तीसगढ़ में ISIS की विचारधारा, हिंसक और भड़काऊ सामग्री फैलाना और राज्य में एक ISIS मॉड्यूल स्थापित करने की कोशिश करना था.
जांच में यह सामने आया कि ISIS का यह पाकिस्तान-आधारित मॉड्यूल भारत को अस्थिर करने और आंतरिक सुरक्षा को प्रभावित करने के लक्ष्य से फर्जी और छद्म नामों से सोशल मीडिया अकाउंट चला रहा था. एजेंसी ने बताया कि ये हैंडलर्स भारतीय युवाओं और किशोरों को बहकाने, उन्हें राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के लिए उकसाने और चरमपंथी हिंसा तथा जिहादी विचारधारा फैलाने के लिए खासतौर पर इंस्टाग्राम आईडी का इस्तेमाल कर रहे थे.
पाकिस्तानी हैंडलर्स ने नाबालिगों को अपने इंस्टाग्राम ग्रुप चैट में जोड़कर उन्हें व्यवस्थित तरीके से कट्टरपंथी बनाया. इसके अलावा, ATS को ऐसे प्रमाण भी मिले हैं कि इन किशोरों को छत्तीसगढ़ में एक ISIS मॉड्यूल स्थापित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा था.
राज्य के गृह मंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार 18 नवंबर 2025 रात को पत्रकारों को बताया कि यह छत्तीसगढ़ में सामने आया इस तरह का पहला मामला है, और अन्य हिस्सों में भी ऐसी घटनाओं की जांच जारी है. एटीएस और संबंधित एजेंसियों की लगातार साइबर निगरानी और सतर्कता के कारण ही इन "ISIS-प्रभावित" दो नाबालिगों की पहचान संभव हो पाई.
पुलिस ने बताया कि उनकी गतिविधियां राष्ट्र-विरोधी पाए जाने के बाद, उनके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 (UAPA) के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.