अंबिकापुर में दो बीमार घोड़ों को जहर देकर मारा गया
अंबिकापुर में दो घोड़ों को जहर देकर मारा गया
अंबिकापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में शुक्रवार को दो घोड़ों को खतरनाक संक्रामक बीमारी के चलते जहर देकर मारा गया है. दोनों घोड़ों में ग्लैंडर्श नामक बीमारी की पुष्टि हुई थी.
यह बीमारी घोड़ों, गधों और खच्चरों में पाई जाती है. इसके संपर्क में आने से मनुष्य भी इसकी चपेट में आ सकता है.
दोनों घोड़ों को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत पीपीई किट पहने चिकित्सकों ने पहले एनेस्थिसिया का इंजेक्शन दिया. जिससे दोनों घोड़े बेहोश हो गए. उसके बाद उन्हें जहर का इंजेक्शन देकर मार दिया गया.
शहर से लगे भिट्ठीकला में दोनों घोड़ों को दफनाया गया.
अंबिकापुर शहर के नवापारा निवासी कमल धीवर शादी-विवाह में उपयोग के लिए संजाल नस्ल के 2 घोड़े पाल रखे थे. जिसमें एक नर और एक मादा थी.
इनमें घोड़ी गर्भवती थी. एक सप्ताह के अंदर बच्चे देने वाली थी. घोड़ा और घोड़ी दोनों में कुछ दिन पहले संक्रामक बीमारी ग्लैंडर्स के लक्षण पाए गए थे.
पशु विभाग द्वारा दोनों का ब्लड सैंपल जांच के लिए 4 बार राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान केन्द्र हिसार भेजे गए. जांच में एक घोड़े की रिपोर्ट पॉजिटिव और दूसरे की निगेटिव आई थी.
जब पांचवीं बार भेजे गए सैंपल में दोनों घोड़ों के ब्लड सैंपल पॉजिटिव मिले. इसके बाद पशुधन विकास विभाग द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से दोनों घोड़ों को जहर देकर मारने का फैसला लिया गया.
शुक्रवार को पशुपालन विभाग के उप संचालक आरपी. शुक्ला के नेतृत्व में पशु चिकित्सकों का अमला और नगर निगम की टीम कमल धीवर के अस्तबल पहुंचे.
दोनों घोड़ों को निगम की टीम भिट्ठीकला ले गई. जहां प्रोटोकॉल के तहत जहर का इंजेक्शन देकर मार दिया गया.
दोनों घोड़ों के मालिक कमल धीवर ने बताया कि घोड़ी को डेढ़ लाख रुपए और घोड़े को एक लाख रुपए में खरीदा था.
कमल धीवर से पूछताछ की जा रही है कि इन घोड़ों के संपर्क में और कोई तो नहीं आया है. जो लोग इनके संपर्क में आए होंगे उनका भी सैंपल लिया जाएगा.
पशुपालन विभाग के उप संचालक आरपी शुक्ला ने बताया कि पशु पालक को मुआवजा दिया जाएगा. इसके लिए प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी.
साथ ही खतरनाक संक्रामक बीमारी ग्लैंडर्स की पुष्टि होने के बाद अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में 3 महीने तक अश्व प्रजाति के पशुओं के आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया है.
क्या है ग्लैंडर्स बीमारी
ग्लैंडर्स एक संक्रामक बीमारी है जो मुख्य रूप से घोड़ों, गधों और खच्चरों को प्रभावित करती है, लेकिन यह मनुष्यों और अन्य जानवरों में भी फैल सकती है.
यह बर्कहोल्डरिया मैलेई नामक बैक्टीरिया के कारण होती है. इस बीमारी के बैक्टीरिया सेल में प्रवेश कर जाते हैं.
इलाज से भी यह पूरी तरह नहीं मरते. जिसके चलते दूसरे जानवर और इंसान भी इससे संक्रमित हो सकते हैं.