फार्मा सेक्टर में हड़कंप: कच्चे माल के दाम बढ़ने से सरकार अलर्ट
नई दिल्ली । डेस्क: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक उथल-पुथल का सीधा असर अब आपकी जेब और देश के फार्मा उद्योग पर पड़ता दिख रहा है. दवाओं को बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायनों (केमिकल्स) और सॉल्वेंट्स की कीमतों में भारी उछाल आने के कारण भारत सरकार अब सक्रिय हो गई है.
केंद्र सरकार दवा उद्योग को इस संकट से उबारने के लिए विशेष पॉलिसी सपोर्ट और राहत उपायों की तैयारी कर रही है. वाणिज्य मंत्रालय और फार्मास्युटिकल्स एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (फार्मेक्सिल) मिलकर इस स्थिति का आकलन कर रहे हैं ताकि उत्पादन और निर्यात पर पड़ने वाले बुरे असर को कम किया जा सके.
ताजा आंकड़ों के मुताबिक, मार्च 2026 के अंत तक दवाओं के निर्माण में जरूरी कई महत्वपूर्ण रसायनों की कीमतें आसमान छूने लगी हैं.
उदाहरण के तौर पर, आइसोप्रोपिल अल्कोहल (IPA) की कीमत 90 रुपये से बढ़कर 120 रुपये प्रति किलो हो गई है, जबकि डीएमएफ (DMF) जैसे जरूरी रसायनों के दाम तो लगभग दोगुने होकर 125 रुपये तक पहुंच गए हैं.
ग्लिसरीन और एसिटिक एनहाइड्राइड जैसी चीजों की कीमतों में भी 60 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी देखी गई है. कच्चे माल की इन बढ़ती कीमतों की वजह से दवा कंपनियों की लागत बढ़ गई है, जिससे कुछ निर्माताओं के लिए उत्पादन जारी रखना मुश्किल हो रहा है और फैक्ट्रियां बंद होने की नौबत आ गई है.
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए फार्मेक्सिल ने दवा कंपनियों से एक विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.
इस रिपोर्ट के जरिए सरकार यह समझना चाहती है कि कीमतों में इस बढ़ोतरी से कंपनियों के कामकाज और निर्यात पर कितना असर पड़ा है.
सरकार का लक्ष्य है कि डेटा के आधार पर कंपनियों को वित्तीय मदद और लॉजिस्टिक्स में सुविधा दी जाए, ताकि विदेशों में भारतीय दवाओं की साख और सप्लाई बनी रहे. फार्मेक्सिल के महानिदेशक राजा भानु के अनुसार, यह एक बेहद संवेदनशील और समयबद्ध प्रक्रिया है ताकि सरकार के सामने मजबूती से पक्ष रखकर जल्द से जल्द राहत उपाय लागू करवाए जा सकें.