बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

टुलिप चिटफंड कंपनी का डायरेक्टर गिरफ्तार

H

Hupendra Sharma

23 जुल. 2025, 09:48 AM 2 मिनट में पढ़ें 20

टुलिप चिटफंड कंपनी
टुलिप चिटफंड कंपनी

दुर्ग | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में लाखों रुपए की ठगी करने वाले चिटफंड कंपनी टुलिप ग्लोबल के डायरेक्टर प्रकाश चंद जैन को पुलिस ने भोपाल से गिरफ्तार किया है. आरोपी पिछले 9 साल से फरार था.


आरोपी पर दुर्घटना बीमा का झांसा देकर 57 लोगों से 14 लाख की ठगी करने का आरोप है. पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिनों के लिए रिमांड में लिया है. 

विज्ञापन


छावनी थाना प्रभारी डीएसपी नवी मोनिका पांडेय ने बताया कि आरोपी डायरेक्टर प्रकाश चंद जैन ने निवेशकों को सिर्फ एक बार 3500 रुपए जमा कराने पर तीन साल में 35 लाख रुपए मिलने का सपना दिखाया था.


इसके अलावा लोगों को बीमा और अन्य सुविधाएं मिलने का झांसा देकर निवेश कराया था. इसके बाद वह भाग गया. साल 2016 में पीड़ितों ने थाने में शिकायत की थी. 


जांच के दौरान पता चला है कि साल 2008 में आरोपी ने टुलिप ग्लोबल का संचालन जयपुर से शुरू किया था.


जिसका डायरेक्टर प्रकाश चंद जैन था. इसका नेटवर्क देश भर में फैलाया था.जिसे बाद में राजस्थान सरकार ने प्रतिबंधित कर दिया था. 


आरोपी द्वारा अजमेर, दुर्ग, इंदौर, हरियाणा, भोपाल, जयपुर और अन्य जगहों पर बड़ी संख्या में निवेशकों से निवेश करवाने की शिकायत मिली है.


इस मामले में पहले ही दुर्ग निवासी प्रभुदयाल उजाला, मनोज सोनी छावनी भिलाई और सुरेश सोनी भिलाई निवासी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है.


पुलिस ने बताया कि पिछले 9 सालों से आरोपी प्रकाश चंद जैन की तलाश की जा रही थी. काफी जांच पड़ताल के बाद जानकारी मिली कि आरोपी प्रकाश चंद जैन भोपाल जेल में बंद है.


जिसे दुर्ग न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट जारी करा के न्यायालय में पेश किया.सभी आरोपियों की चल अचल संपत्ति को कुर्क करने की भी तैयारी की जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP