ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य का नाम 'ट्रंप स्ट्रेट' रखने का दिया सुझाव
वाशिंगटन । डेस्क: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर एक बड़ा भौगोलिक नाम बदलने का विवादित प्रस्ताव रखा है. कनाडा और मेक्सिको के साथ जारी भू-राजनीतिक तनावों के बीच, ट्रंप ने अब दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल जलमार्ग, 'होर्मुज जलडमरूमध्य' (Strait of Hormuz) का नाम बदलकर "ट्रंप स्ट्रेट" (TRUMP STRAIT) करने का विचार जताया है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने लिखा, "अब जबकि यह जलमार्ग पूरी तरह अमेरिका के नियंत्रण में है, तो क्या हमें होर्मुज जलडमरूमध्य का नाम बदलकर 'ट्रंप स्ट्रेट' कर देना चाहिए? अमेरिका की तरह ही यह भी पहले से कहीं अधिक भव्य और शक्तिशाली दिखेगा."
ईरान के साथ चल रहे सैन्य संघर्ष और रणनीतिक खींचतान के बीच आया यह बयान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल पैदा कर रहा है.
दरअसल, यह पहला मौका नहीं है जब ट्रंप ने किसी प्रसिद्ध भौगोलिक क्षेत्र का नाम बदलने की बात कही है. इससे पहले, जनवरी 2025 में दोबारा सत्ता संभालने के पहले ही दिन उन्होंने 'मेक्सिको की खाड़ी' का नाम बदलकर 'गल्फ ऑफ अमेरिका' कर दिया था.
इसके बाद, हाल ही में कनाडा के साथ छिड़े व्यापार युद्ध के दौरान उन्होंने 'लेक ओंटारियो' का नाम बदलकर 'लेक अमेरिका' करने का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया था. हालांकि, मेक्सिको और कनाडा दोनों ही देशों ने अमेरिका के इन इकतरफा फैसलों को स्वीकार करने से स्पष्ट इनकार कर दिया है.
होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण चोकपॉइंट माना जाता है, जहां से दुनिया के कुल कच्चे तेल का लगभग पांचवां हिस्सा गुजरता है.
इस रणनीतिक जलमार्ग पर अमेरिका द्वारा संप्रभुता के दावे और ईरान द्वारा की गई नाकेबंदी के कारण मध्य पूर्व में तनाव अपने चरम पर है. इस बीच, मंगलवार को अमेरिकी सेना द्वारा जलमार्ग के पास ईरान की माइनलैंग (समुद्री बारूदी सुरंगें बिछाने) की कोशिशों के जवाब में नए हवाई हमले किए गए, जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर भारी उछाल देखा जा रहा है.