ट्रंप के बयान पूरी तरह से मनगढ़ंत- जियोर्जिया मेलोनी
नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के बीच जारी जुबानी जंग ने दोनों देशों के राजनयिक संबंधों में एक नया तनाव पैदा कर दिया है. मेलोनी ने ट्रंप के उस दावे को पूरी तरह से 'मनगढ़ंत' और 'झूठा' करार दिया है, जिसमें ट्रंप ने कहा था कि मेलोनी ने जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए 'भीख' मांगी थी.
इटली के एक टीवी चैनल 'La7' को दिए साक्षात्कार में ट्रंप ने दावा किया था कि वह सिर्फ मेलोनी का मन रखने के लिए उनसे बात कर रहे थे. ट्रंप के मुताबिक, "वह मेरे साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए बेताब थीं और गिड़गिड़ा रही थीं. मैं फोटो नहीं खिंचवाता, लेकिन मुझे उन पर तरस आ गया."
हालांकि, चैनल ने इस बातचीत का मूल ऑडियो जारी नहीं किया, बल्कि इसका डब संस्करण प्रसारित किया था.
ट्रंप के इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने कहा कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति के इस रवैये से बेहद हैरान हैं. मेलोनी ने पलटवार करते हुए कहा, "डोनाल्ड ट्रंप के बयान पूरी तरह से मनगढ़ंत हैं. समझ नहीं आता कि अमेरिकी राष्ट्रपति अपने सहयोगियों के साथ ऐसा व्यवहार क्यों करते हैं. यह कोई पहली बार नहीं है."
उन्होंने ट्रंप की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए और कहा कि यह बेहद निराशाजनक है कि ट्रंप जो कड़ा रुख अपने सहयोगियों के खिलाफ दिखाते हैं, वैसा दृढ़ संकल्प वह पश्चिम के दुश्मनों के सामने नहीं दिखाते, बल्कि उनके नेताओं के साथ कहीं अधिक नरमी से पेश आते हैं. मेलोनी ने दो टूक शब्दों में कहा, "उन्हें एक बात याद रखनी चाहिए: न तो मैं और न ही इटली कभी किसी के सामने भीख मांगते हैं."
यह विवाद फ्रांस के एवियन में 15 से 17 जून तक आयोजित हुए जी7 शिखर सम्मेलन के ठीक बाद सामने आया है.
कुछ दिनों पहले ही दोनों दक्षिणपंथी नेताओं के बीच ईरान युद्ध को लेकर उपजे पुराने तनाव के कम होने और संबंधों में सुधार के संकेत मिले थे, लेकिन इस नए विवाद ने दोनों देशों के बीच की खाई को और गहरा कर दिया है.
कभी मेलोनी को ट्रंप का धुर समर्थक माना जाता था और वह साल 2025 में उनके शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाली एकमात्र यूरोपीय नेता थीं. लेकिन बाद में पोप लियो द्वारा ईरान संघर्ष की निंदा करने पर जब ट्रंप ने पोप की आलोचना की, तो मेलोनी ने ट्रंप का विरोध किया था, जिसके बाद से दोनों के रिश्तों में खटास आ गई थी.
ट्रंप की इस टिप्पणी के बाद इटली में राजनीतिक माहौल गरमा गया है और वहां के नेताओं ने अपनी प्रधानमंत्री का पुरजोर समर्थन किया है.
इटली के उप-प्रधानमंत्री एंटोनियो तायानी ने इस बयान को पूरे इटली का अपमान बताते हुए इसी महीने होने वाले अपने अमेरिका दौरे को रद्द कर दिया है.
तायानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा, "प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के प्रति राष्ट्रपति ट्रंप के गंभीर और अपमानजनक शब्द पूरे इटली को आहत करते हैं. इसी वजह से मैंने 21 और 22 जून को होने वाली अपनी अमेरिका यात्रा को रद्द करने का फैसला किया है."