ट्रम्प का दावा: पाक सहित कई देश कर रहे हैं परमाणु परीक्षण
वाशिंगटन । डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि पाकिस्तान उन देशों में शामिल है, जो सक्रिय रूप से परमाणु हथियारों का परीक्षण कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि रूस, चीन, और उत्तर कोरिया भी गुपचुप तरीके से परमाणु परीक्षण कर रहे हैं.
जिसके कारण अमेरिका को भी 30 साल से अधिक समय बाद अपने परमाणु परीक्षण फिर से शुरू करने की ज़रूरत है.
सीबीएस न्यूज़ के साथ एक इंटरव्यू में ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका एकमात्र ऐसा देश है जो परीक्षण नहीं कर रहा है.
उन्होंने ज़ोर देकर कहा, "हम परीक्षण करेंगे क्योंकि अन्य देश परीक्षण कर रहे हैं." ट्रम्प के मुताबिक, रूस के उन्नत परमाणु-सक्षम प्रणालियों के हालिया परीक्षणों के बाद यह फैसला लिया गया है.
ट्रम्प ने यह भी दावा किया कि अमेरिका के पास "किसी भी अन्य देश से ज़्यादा परमाणु हथियार" हैं और वह दुनिया को "150 बार उड़ाने" की क्षमता रखता है.
उन्होंने पहले ही घोषणा कर दी थी कि अमेरिका परमाणु परीक्षण फिर से शुरू करेगा और इसके लिए तैयारी चल रही है.
उनका मानना है कि इस कदम से वैश्विक परमाणु परिदृश्य पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा.