ट्रंप का दावा: ईरान समृद्ध यूरेनियम सौंपने को तैयार, तेहरान ने इंकार किया
नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बेहद चौंकाने वाला और महत्वपूर्ण दावा किया है. राष्ट्रपति ट्रंप का कहना है कि ईरान के पास वर्तमान में कोई परमाणु हथियार नहीं है और वह अपने पास मौजूद समृद्ध यूरेनियम का पूरा भंडार अमेरिका को सौंपने के लिए राजी हो गया है.
व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने ईरान के साथ एक बड़े समझौते के संकेत दिए. उन्होंने उच्च गुणवत्ता वाले समृद्ध यूरेनियम को 'परमाणु धूल' (Nuclear Dust) के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि ईरान इसे वापस करने पर सहमत है.
ट्रंप के मुताबिक, पिछले साल इस्फहान, नातन्ज और फोर्डो स्थित ईरान के तीन प्रमुख परमाणु केंद्रों पर अमेरिका द्वारा किए गए बी-2 बॉम्बर हमलों के कारण यह यूरेनियम जमीन के नीचे दब गया था, जिसे अब ईरान हमें सौंप देगा.
डोनाल्ड ट्रंप ने विश्वास जताया कि ईरान के साथ शांति समझौता लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है और बहुत जल्द दोनों देशों के बीच औपचारिक संधि हो सकती है. उन्होंने यह भी कहा कि यदि यह समझौता सफल रहता है, तो वर्तमान युद्धविराम की अवधि को और बढ़ाने की आवश्यकता नहीं होगी.
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर ईरान के दौरे पर हैं और पाकिस्तान इस पूरे विवाद में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है. हालांकि, ट्रंप ने स्पष्ट किया कि शांति की पहली शर्त ईरान की परमाणु गतिविधियों का पूरी तरह बंद होना है.
दूसरी ओर, ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति के इन दावों को पूरी तरह से सिरे से खारिज कर दिया है. ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकेर कलीबाफ के करीबी सूत्रों और ईरानी सरकारी मीडिया ने ट्रंप के बयानों को 'एक काल्पनिक सपना' बताते हुए उनका उपहास किया है.
ईरानी अधिकारियों का कहना है कि अमेरिका को परमाणु सामग्री सौंपने जैसी किसी भी शर्त पर कोई चर्चा नहीं हुई है और न ही ईरान अपनी परमाणु नीतियों से पीछे हटने वाला है.
तेहरान ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में कोई भी समझौता केवल ईरान की शर्तों के आधार पर ही संभव होगा.
ईरान का हमेशा से यह रुख रहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण है, जबकि अमेरिका इसे परमाणु बम बनाने की कोशिश मानता है. फिलहाल, दोनों देशों के बीच दावों और पलटवार का यह सिलसिला जारी है और शांति की राह अब भी अधर में लटकी नजर आ रही है.