अमेरिका में ट्रंप की लोकप्रियता घटी
वाशिंगटन । डेस्क: अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता पटरी से उतर रही है. रॉयटर्स-इप्सोस की ताजा जनमत सर्वेक्षण के अनुसार, अब केवल 39 प्रतिशत वयस्क अमेरिकी नागरिक ट्रंप के कार्यों को समर्थन दे रहे हैं.
दिसंबर की शुरुआत में यह आंकड़ा 41 प्रतिशत था, जो महज कुछ हफ्तों में ही लुढ़क गया. विशेषज्ञों का मानना है कि सरकारी शटडाउन से उत्पन्न आर्थिक क्षति और कठोर आव्रजन नीतियां इस गिरावट के प्रमुख कारण हैं.
यह सर्वेक्षण ऑनलाइन आयोजित किया गया था, जिसमें तीन दिनों में 1,016 लोगों ने अपनी राय दर्ज कराई. रॉयटर्स-इप्सोस ने संभावित त्रुटि मार्जिन को 3 प्रतिशत बताया है.
पिछले साल जनवरी में जब ट्रंप दूसरी बार व्हाइट हाउस में कदम रखा, तब उनकी मंजूरी रेटिंग (एप्रूवल रेटिंग) 47 प्रतिशत थी. लेकिन दूसरे कार्यकाल की शुरुआत से ही यह लगातार नीचे की ओर बढ़ रही है.
अमेरिकी अर्थव्यवस्था को ट्रंप के तरीके से संभालने पर तो समर्थन और भी कमजोर है केवल 33 प्रतिशत लोग इससे सहमत हैं. शटडाउन के कारण हुए आर्थिक नुकसान के लिए राष्ट्रपति को दोषी ठहराने वाले अमेरिकी मतदाताओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है.
यहां तक कि ट्रंप के कट्टर रिपब्लिकन समर्थक भी उनकी बेलगाम बयानबाजी से नाराज नजर आ रहे हैं. रिपब्लिकन पार्टी के मतदाताओं में ट्रंप के समग्र कार्यों को 85 प्रतिशत समर्थन मिला है, लेकिन आर्थिक नीतियों पर यह आंकड़ा घटकर महज 72 प्रतिशत रह गया.
इमीग्रेशन नीति ने विवाद को और भड़का दिया है. ट्रंप ने हाल ही में घोषणा की कि तीसरी दुनिया के देशों से इमीग्रेशन और वीजा को स्थायी रूप से बंद किया जा सकता है. इससे भारत समेत एशिया, अफ्रीका और दक्षिण अमेरिका जिन्हें सामूहिक रूप से 'ग्लोबल साउथ' कहा जाता है से आने वाले प्रवासियों में भारी असंतोष पैदा हो गया है.
यह नीति न केवल नस्लीय विभाजन को बढ़ावा दे रही है, बल्कि राजनीतिक मोर्चे पर भी बड़े प्रतिक्रियाएं जन्म दे रही है. एक हालिया सर्वे में पाया गया कि 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप के स्पष्ट अंतर से जीते 20 राज्यों में अब उनकी एप्रूवल रेटिंग विपक्षी उम्मीदवारों से कम हो गई है.
ट्रंप प्रशासन के आलोचक इसे 'नीतिगत अहंकार' बता रहे हैं, जबकि समर्थक इसे 'राष्ट्रीय सुरक्षा' का मुद्दा मानते हैं. जैसे-जैसे 2026 के मध्यावधि चुनाव नजदीक आ रहे हैं, ट्रंप की गिरती लोकप्रियता रिपब्लिकन पार्टी के लिए चुनौती बन सकती है. रॉयटर्स-इप्सोस के अनुसार, यह ट्रेंड जारी रहा तो ट्रंप का दूसरा कार्यकाल और कठिन हो सकता है.