धमतरी में आदिवासियों ने कलेक्ट्रेट का किया घेराव
धमतरी । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर आदिवासियों ने मोर्चा खोल दिया है. सोमवार को करीब 45 गांवों के हजारों आदिवासी प्रतिनिधियों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव कर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया है.
खास बात यह है कि इनमें से 40 से अधिक गांव टाइगर रिजर्व क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं. आंदोलनकारियों का कहना है कि वे अपने साथ राशन-पानी और जरूरी सामान लेकर आए हैं और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे पीछे नहीं हटेंगे.
'किसान संघर्ष समिति' और 'जल-जंगल-जमीन संघर्ष समिति' के बैनर तले जुटे ग्रामीणों ने हाथों में संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. आंबेडकर की तस्वीरें और नारे लिखी तख्तियां थाम रखी थीं. प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी उनका क्षेत्र विकास की दौड़ में बेहद पिछड़ा हुआ है.
सड़कों की बदहाली, बिजली का अभाव, पीने के साफ पानी की किल्लत और स्वास्थ्य सेवाओं की अनुपलब्धता के कारण ग्रामीण नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं.
इस विशाल प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया है. स्थानीय पुलिस के साथ-साथ गरियाबंद और पड़ोसी जिलों से भी अतिरिक्त सुरक्षा बल बुलवाया गया है.
आंदोलन का समर्थन कर रहे जिला पंचायत के पूर्व सदस्य मनोज साक्षी ने सरकार के विकास के दावों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि एक तरफ देश चांद पर जाने और 'विकसित भारत' की बात कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ जंगलों में रहने वाले देश के मूल निवासी अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं.
गरियाबंद जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने इसे ग्रामीणों के संवैधानिक अधिकारों का हनन बताया और स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक वे कलेक्ट्रेट के बाहर ही खाना बनाएंगे और सोएंगे.
'जल-जंगल-जमीन संघर्ष समिति' के सदस्यों ने आरोप लगाया कि जो लोग आजादी के पहले से इस टाइगर रिजर्व क्षेत्र में रह रहे हैं, उनके साथ सबसे ज्यादा भेदभाव किया जा रहा है. वन विभाग अक्सर विकास कार्यों में अड़ंगा लगाता है, जिसका खामियाजा 40 से अधिक गांवों की आबादी भुगत रही है.
आंदोलन में शामिल स्थानीय महिला गौरी नाग ने स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं और नवजातों की जान हमेशा खतरे में रहती है. इसके अलावा बच्चों को हर दिन दलदल और कीचड़ भरे रास्तों से होकर स्कूल जाना पड़ता है. ग्रामीणों ने दोटूक शब्दों में कहा है कि जब तक प्रशासन ठोस कार्रवाई नहीं करता, आंदोलन जारी रहेगा.