बिना टिकट ट्रेन यात्रा पर अब लगेगा दोगुना जुर्माना
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और यात्रा को अधिक आरामदायक बनाने के लिए अपने नियमों में बड़ा बदलाव किया है. जन विश्वास (संशोधन) अधिनियम 2026 के तहत रेलवे ने विभिन्न अपराधों के लिए जुर्माने की राशि में भारी बढ़ोतरी की है. नया नियम देश भर में लागू हो चुका है.
नए नियमों के मुताबिक, अब बिना टिकट ट्रेन में यात्रा करते हुए पकड़े जाने पर 250 रुपये के बजाय 500 रुपये का जुर्माना देना होगा. इसके अलावा, अगर कोई यात्री किसी दूसरे के टिकट पर यात्रा करता पाया गया, तो उसका टिकट जब्त कर लिया जाएगा और साथ ही 500 रुपये का अतिरिक्त जुर्माना भी लगाया जाएगा.
रेलवे परिसर और ट्रेनों में अवांछित गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए भी सख्त प्रावधान किए गए हैं. अब बिना अनुमति के सामान बेचने या भीख मांगने पर 2,000 रुपये का जुर्माना लगेगा.
वहीं, ट्रेन में शराब पीकर चढ़ने, हंगामा करने, थूकने या अभद्र भाषा का प्रयोग करने पर 1,000 रुपये का जुर्माना तय किया गया है. यदि कोई व्यक्ति यही अपराध दोबारा करता है, तो जुर्माना बढ़कर 5,000 रुपये तक हो सकता है और जेल की सजा भी हो सकती है.
धूम्रपान करने वालों और अनाधिकृत प्रवेश करने वालों पर भी नकेल कसी गई है. स्टेशन या ट्रेन में धूम्रपान करने पर 2,000 रुपये और यात्री क्षेत्र में बिना अनुमति प्रवेश करने पर 500 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है.
महिलाओं के लिए आरक्षित डिब्बों या सीटों पर पुरुष यात्रियों के पाए जाने पर 2,500 रुपये का भारी जुर्माना देना होगा.
सुरक्षा के लिहाज से ट्रेनों में आपत्तिजनक या खतरनाक सामान ले जाने पर न्यूनतम 10,000 रुपये के जुर्माने का प्रावधान किया गया है.
रेलवे नियमों का पहली बार उल्लंघन करने पर 2,000 रुपये और दूसरी बार वही गलती दोहराने पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगेगा. भारतीय रेलवे ने सभी यात्रियों से इन नए नियमों का पालन करने और सुरक्षित सफर में सहयोग करने की अपील की है.