मूसलाधार बारिश से सुकमा और बीजापुर का संपर्क कटा
सुकमा । संवाददाता: दक्षिण छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने तबाही मचानी शुरू कर दी है, जिससे सुकमा और बीजापुर जिले में आम जनजीवन पूरी तरह पटरी से उतर गया है. नदी-नाले उफान पर आने और पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहने के कारण कई अंदरूनी इलाकों का संपर्क जिला मुख्यालयों से पूरी तरह टूट गया है.
आपात स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है.
सुकमा जिले में बीते 24 घंटों से जारी बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं. जगरगुंडा-सिलगेर मार्ग पर बने पुल के ऊपर से पानी बहने से आवागमन बंद हो गया है, जबकि वेदरे नदी भी विकराल रूप धारण कर चुकी है.
दोरनापाल-जगरगुंडा मार्ग पर चिंतावागु नाले के उफान पर होने से यातायात ठप हो गया है. इसके अलावा सबरी नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है, जिससे तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है.
पड़ोसी जिले बीजापुर में भी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है. चिंतावागु नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया.
संकट की इस घड़ी में होमगार्ड के जवानों ने मोर्चा संभालते हुए नावों के जरिए लोगों को सुरक्षित आर-पार कराया. दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में एक ही पुल के जलमग्न होने से हाट-बाजार, अस्पताल और प्रशासनिक केंद्रों तक पहुंच खत्म हो गई है. मौसम विभाग द्वारा आगे भी भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है.