बिजली दर बढ़ाना जनता की जेब में डकैती- बैज
बिजली के दाम बढ़ाने का कांग्रेस ने किया विरोध
रायपुर | संवाददाताः कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि डेढ़ साल के भीतर भाजपा की साय सरकार ने चौथी बार बिजली के दाम बढ़ाएं हैं. सरकार जनता की जेब में डकैती कर रही है. भाजपा सरकार आम जनता को लूटने के लिए तरह-तरह के हथकंड़े अपना रही है.
पीसीसी चीफ बैज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है, पूरे छत्तीसगढ़ में बिजली की कटौती शुरू हो गई है. लेकिन सरकार दाम कम करने के बजाय और बढ़ा रही है. कोयला हमारा, पानी हमारा, जमीन हमारी और हमें ही महंगे दर पर बिजली बेची जा रही है.
उन्होंने कहा कि साल 2003 में छत्तीसगढ़ में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 3 रुपए 30 पैसे के दर पर बिजली मिला करती थी, जिसे 15 साल के कुशासन के बाद रमन सिंह के समय ही 6 रुपए 40 पैसे तक बढ़ाया गया. जनता को बताने के लिए चुनाव चुनावी वर्ष 2018 में मात्र 20 पैसे घटाकर 6 रुपया 20 पैसे किया.
दीपक बैज ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस की सरकार में पूरे 5 साल का नेट वृद्धि यदि देखें तो मात्र दो पैसे का था, जो ऐतिहासिक तौर पर सबसे न्यूनतम था.
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बिजली के घाटे को पाटते हुए बिजली बिल हाफ योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 65 लाख से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं को लगभग 3240 करोड़ रुपए के सब्सिडी देकर बहुत बड़ी राहत दी थी. किसानों को 5 एचपी तक निःशुल्क बिजली दिया, बीपीएल उपभोक्ताओं को 40 यूनिट तक मुक्त बिजली दी गई.
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से प्रदेश भर में प्रदर्शन किया जाएगा.
बिजली बिलों की प्रतियां जलाकर विरोध
इससे पहले कांग्रेस ने बढ़ते बिजली बिलों के विरोध में राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा स्थित सीएसपीडीसीएल (बिजली ऑफिस) के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया.
बिजली बिलों की प्रतियां जलाकर नाराजगी जताई. इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे.
इस दौरान पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि हमारी सरकार ने गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों के बिजली बिल आधे कर दिए थे.
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार बिजली के दाम बढ़ाकर जनता को परेशान कर रही है. वर्तमान में बिजली के बिलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. जिससे आम आदमी के जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है.