TMC संकट: पूर्व कोषाध्यक्ष ने 675 करोड़ के पार्टी खाते पर रोक लगाने की मांग की
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त के बाद तृणमूल कांग्रेस में मची आंतरिक कलह अब खुलकर सामने आ गई है. पार्टी के 'पूर्व' कोषाध्यक्ष अरूप विश्वास ने एक निजी बैंक के अधिकारियों को पत्र लिखकर तृणमूल के आधिकारिक बैंक खाते से सभी प्रकार के लेन-देन और धन निकासी पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है. निर्वाचन आयोग को सौंपी गई ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार, इस खाते में लगभग 675 करोड़ रुपये जमा हैं.
अरूप विश्वास का यह कदम ममता बनर्जी के लिए एक और बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि अब तक उन्हें मुख्यमंत्री का वफादार माना जा रहा था.
अरूप विश्वास ने 12 जून को लिखे इस पत्र में दावा किया है कि पार्टी के भीतर सांगठनिक नियंत्रण और बैंक खातों के संचालन को लेकर गंभीर विवाद पैदा हो गया है.
एक विद्रोही गुट खुद को ही असली तृणमूल बता रहा है. ऐसे में पार्टी फंड की सुरक्षा के लिए किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को लेन-देन की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए.
उन्होंने बैंक से यह भी अनुरोध किया है कि उनके द्वारा पहले से हस्ताक्षरित चेकों का गलत इस्तेमाल न होने दिया जाए.
दिलचस्प बात यह है कि गत 5 जून को ममता बनर्जी ने सांगठनिक फेरबदल करते हुए अरूप विश्वास की जगह पूर्व सांसद शुभाशीष चक्रवर्ती को नया कोषाध्यक्ष नियुक्त किया था.
हालांकि, बैंक को दिए पत्र में अरूप ने खुद को ही अब भी पार्टी का वैध कोषाध्यक्ष बताया है.
दूसरी ओर, शुभाशीष चक्रवर्ती का कहना है कि वे राज्य संगठन के कोषाध्यक्ष हैं, जबकि अरूप अखिल भारतीय स्तर पर थे, हालांकि दोनों के लिए बैंक खाता एक ही है.
चुनाव में हार के बाद तृणमूल वर्तमान में तीन धड़ों में बंटती नजर आ रही है, जहां सांसद और विधायक अलग-अलग गुट बनाकर पार्टी के प्रतीक चिन्ह और फंड पर अपना दावा ठोक रहे हैं.