तिरुपति प्रसादम: 96 करोड़ रु के मिलावटी घी मामले में कैलाश चंद मंगला गिरफ्तार
विशाखापत्तनम । डेस्क: तिरुपति बालाजी मंदिर के लड्डू प्रसादम में मिलावटी घी आपूर्ति के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है. ईडी के हैदराबाद कार्यालय ने सुकृति फूड्स के प्रमोटर कैलाश चंद मंगला को 17 सितंबर को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विशाखापत्तनम की विशेष पीएमएलए (PMLA) अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
जांच एजेंसी के अनुसार, मंदिर के प्रसादम के लिए आपूर्ति किए जाने वाले घी के निर्माण में रिफाइंड पाम ऑयल, पामोलिन और कई तरह के हानिकारक रसायनों का इस्तेमाल किया जा रहा था.
इसमें एमजी-90, मोनोग्लिसराइड्स, मायवासेट सॉफ्ट 400 और एसेटिक एसिड एस्टर जैसे रसायनों को मिलाकर इसे 'एगमार्क स्पेशल ग्रेड काऊ घी' के नाम से तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) को सप्लाई किया जाता था.
ईडी का दावा है कि वर्ष 2019 से 2024 के दौरान टीटीडी को कुल 230 करोड़ रुपये के मिलावटी घी की धोखाधड़ीपूर्वक आपूर्ति की गई, जिसमें से अकेले मंगला की कंपनी ने 96 करोड़ रुपये का नकली घी तैयार किया था.
मंगला इस पूरे सिंडिकेट का मुख्य सह-साजिशकर्ता था, जो मिलावट के लिए रसायन जुटाता था और अपनी फैक्ट्री में नकली घी तैयार करता था.
उसने इस अवैध घी को ए.आर. डेयरी फूड्स और श्री वैष्णवी डेयरी जैसी कई फ्रंट कंपनियों के जरिए सप्लाई कराया.
आरोपी ने पाम ऑयल की खरीद और असली गाय के घी की बिक्री के फर्जी कागजात तैयार किए थे ताकि इस फर्जीवाड़े पर पर्दा डाला जा सके. इससे पहले ईडी इसी मामले में भोले बाबा ऑर्गेनिक डेयरी के प्रमोटर विपिन जैन को भी गिरफ्तार कर चुकी है.