छत्तीसगढ़ की तिरिया ग्राम सभा को वैश्विक सम्मान
कोंडागांव । संवादददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में बसे तिरिया गांव ने सामुदायिक वन अधिकारों और संरक्षण में अपनी अनूठी पहल के लिए वैश्विक स्तर पर पहचान हासिल की है. राइट्स एंड रिसोर्सेज इनिशिएटिव द्वारा 2025 के सामूहिक कार्य पुरस्कारों में 190 से अधिक नामांकित समुदायों में से तिरिया को शीर्ष 15 में स्थान मिला है.
यह सम्मान तिरिया की ग्राम सभा द्वारा सामुदायिक वन अधिकारों को हासिल करने, सामूहिक शासन को मजबूत करने और स्व-निर्भर इको-टूरिज्म मॉडल विकसित करने के लिये किया गया है.
तिरिया की इस उपलब्धि में बस्तर में कार्यरत अशोका ट्रस्ट फॉर रिसर्च इन इकोलॉजी एंड एनवायरनमेंट की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसने सामुदायिक वन अधिकारों के दावों और सामुदायिक योजना प्रक्रिया में सहायता प्रदान की.
ध्रुव आदिवासी समुदाय के नेतृत्व में तिरिया ग्राम सभा ने वन अधिकार अधिनियम के तहत 3057 हेक्टेयर जंगल पर सामुदायिक अधिकार प्राप्त किये और एक प्रभावी प्रबंधन प्रणाली स्थापित की, जिससे वनों और आजीविका का संरक्षण सुनिश्चित हुआ.
प्रधान मुख्य वन संरक्षक वी. श्रीनिवास राव ने कहा, "तिरिया का यह प्रयास आदिवासी समुदाय की एकता और उनके पारंपरिक ज्ञान का प्रतीक है. पहले एक वन गांव के रूप में जाना जाने वाला तिरिया 2013 में राजस्व गांव बना. यहां के वन प्रबंधन समूहों ने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ सामुदायिक एकता को और मजबूत किया है."
तिरिया ने दैनिक वन गश्त और शबरी नदी पर बांस राफ्टिंग जैसे नवाचारी उद्यमों के जरिए स्थानीय रोजगार और आय के स्रोत विकसित कये हैं. यह पहल न केवल पर्यावरणीय न्याय को बढ़ावा देती है, बल्कि सांस्कृतिक गौरव को भी प्रोत्साहित करती है.
तिरिया का यह मॉडल बस्तर जैसे क्षेत्रों में समावेशी और टिकाऊ विकास का एक प्रेरणादायक उदाहरण है.