बिलासपुर के कोटा में किसान पर बाघिन का हमला, गंभीर हालत में रेफर
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले की सीमा से लगे बिलासपुर के कोटा ब्लॉक स्थित दवनपुर गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. अपने खेत में काम कर रहे 42 वर्षीय किसान संजय मरकाम पर अचानक एक बाघिन ने हमला कर दिया. इस हमले में किसान के चेहरे, बाएं हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं.
अचानकमार टाइगर रिजर्व से लगे इस सामान्य वन क्षेत्र में हुई घटना के बाद से पूरे इलाके में ग्रामीणों के बीच भारी दहशत का माहौल है.
गंभीर रूप से घायल संजय मरकाम को तुरंत कोटा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें गनियारी स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संजय जब अपने खेत में पौधों को खाद दे रहे थे, तभी झाड़ियों के बीच से निकलकर बाघिन ने उन पर सीधा हमला बोल दिया.
गौरतलब है कि इस वनांचल क्षेत्र में महज 20 दिनों के भीतर मानव पर बाघिन के हमले का यह दूसरा मामला है. इससे पहले 24 अगस्त को लोरमी के लक्ष्मण डोंगरी के समीप जंगल में पुटू (मशरूम) बीनने गए बांधा गांव के धर्मजीत धृतलहरे पर भी बाघिन ने हमला किया था, जिसमें उस युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी.