सोम, 16 नव. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ के टाइगर रिजर्व में बाघ का शिकार, जिम्मेदार कौन ?

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर के इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघ का शिकार

C

CG Khabar

17 अप्रै. 2025, 09:28 AM 5 मिनट में पढ़ें 16

घायल बाघ
घायल बाघ

जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के इंद्रवती टाइगर रिजर्व से दिल दहला देने वाली तस्वीर सामने आई है. एक बाघ कई दिनों तक शिकारियों के लगाए हुए फंदे में फँसा रहा.


उसके पैर बुरी तरह से सड़ने की हालत में आ गए और टाइगर रिजर्व की नींद तब खुली जब बाघ मरणासन्न हो गया.

विज्ञापन


ऐसा लगने लगा है कि जैसे छत्तीसगढ़ बाघों के लिए कब्रगाह बन चुका है. बाघों के साथ होने वाले ऐसे हर हादसे के बाद वन विभाग कहानियाँ गढ़ने लग जाता है.


विभाग के शीर्ष अफसर, राजनेताओं को पीछे छोड़ कर राजनीति में डूबे हुए हैं.


छत्तीसगढ़ में शिकारियों के हौसले बुलंद हैं. हालत ये है कि अब टाइगर रिजर्व के भीतर शिकार किया जा रहा है.


शिकारियों के निशाने पर बाघ हैं, जो बेमौत मारे जा रहे हैं. 


ताजा मामला इंद्रवती टाइगर रिजर्व का है, जहां एक बाघ कई दिनों तक शिकारियों के फंदे में फँसा रहा.


उसके पिछले पैर क्लच वायर के फंदे में कसे हुए थे और घायल बाघ कई दिनों तक तड़पता रहा.


वन विभाग के अधिकारी इतनी गहरी नींद में सोते रहे कि उन्हें उस बाघ की चीख तक नहीं सुनाई दी.


 बाघ का शुरुआती इलाज कर उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर के जंगल सफारी भेजा गया है.


अचानकमार में हो चुकी है दो बाघों की मौत

यह कोई पहला मामला नहीं है और ना ही अंतिम. इसी तरह अचानकमार टाइगर रिजर्व में जनवरी के अंतिम सप्ताह में एक बाघिन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी.


गले में नुकीली चीज से वार के निशान मिले थे. जिससे बाघिन के शिकार की आशंका जताई गई थी.


वहीं बाघिन की मौत पर ATR के अफसरों की लापरवाही भी सामने आई थी. 


ठीक उसी दौरान दूसरी खबर भी अचानकमार टाइगर रिजर्व से ही सामने आई जब एक युवा बाघ की मौत हो गई और कुम्भकर्णी नींद सोये वन विभाग को इसकी खबर तक नहीं हुई. 


इधर जानवरों के संरक्षण के लिए बनाया गया जंगल सफारी तो जानवरों की क़ब्रगाह बन चुका है और वहां भी इस महीने दो शावकों की मौत हो गई है.


बहरहाल अचानकमार के जंगलों में शिकारी किस तरह से सक्रिय हैं, पिछली दो मौतों में हम ने देख लिया है. इसके बावजूद वन अमला ना तो शिकारियों पर सख्त हो पा रहा है और ना ही बाघों को सुरक्षा दे पा रहा हैं.


बाघों की दुर्दशा पर चुप्पी

ताज़ा घटनाक्रम में जिस बाघ को शिकारियों ने क्लच वायर लगा कर मारने की कोशिश की थी.


उसे अधमरी अवस्था में जंगल सफारी लाया गया है. वन विभाग के अधिकारी इस पर चुप्पी साधे बैठे हैं. कोई इस मुद्दे पर बात नहीं करना चाह रहा है.


छत्तीसगढ़ में बाघों की दुर्दशा किसी से छुपी नहीं हैं. एक तरफ छत्तीसगढ़ का वन विभाग अपनी बैठकों में बाघों की कमी का रोना रोते हुए, पड़ोसी राज्यों से बाघ की मांग करता है.


नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी से अनुनय विनय करता है और जब कोई बाघ भटकता हुआ आ जाए तो उसे मध्यप्रदेश की सीमा पर छोड़ आता है.


ताकि वह मध्यप्रदेश चला जाए और बाघ की निगरानी व उसके प्रबंधन से मुक्ति मिल जाए.वन विभाग की लापरवाही का नतीजा, केवल 7 बाघ बचे

छत्तीसगढ़ में बाघों की स्थिति पर नजर डालें तो दस साल पहले छत्तीसगढ़ में 46 बाघ हुआ करते थे. अंतिम आंकड़ों के अनुसार राज्य के टाइगर रिजर्व में केवल 7 बाघ बचे हैं.


जिस मध्यप्रदेश से अलग होकर हमारा छत्तीसगढ़ राज्य बना है, वहां 780 बाघ हैं. कारण समझना मुश्किल नहीं है कि एक ही लैंडस्केप में हमारे यहां बाघ क्यों ख़त्म हो रहे हैं और मध्यप्रदेश क्यों दुनिया का टाइगर स्टेट बन चुका है.


मामला प्रबंधन का है, अफसरों की इच्छाशक्ति का, ईमान से काम करने वाले अमले का है और हाय पैसा - हाय पैसा करने की जगह वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता का भी है.


एक तरफ बाघों की मौत का सिलसिला जारी है तो वहीं दूसरी ओर सरकार छत्तीसगढ़ के तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व को देश के 56वें टाइगर रिजर्व के रूप में घोषित किए जाने को लेकर अपनी पीठ थपथपा रही है.


सरकार से कोई ये पूछे कि टाइगर रिजर्व घोषित होने से क्या बाघ बच पा रहे हैं? अगर नहीं तो बिना बाघों के कैसा टाइगर रिजर्व? 5 से 6 साल का है बाघ

ITR के डिप्टी डायरेक्टर संदीप बलगा का कहना है कि बाघ का रेस्क्यू किया गया है.


उसकी उम्र करीब 5 से 6 साल की है. बाघ घायल कैसे हुआ ? क्या शिकार की कोशिश थी ?


इन सभी एंगल से हम जांच कर रहे हैं. जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.


वन्यजीवों से इतर राजनीति में लिप्त वन विभाग

रही बात वन विभाग के शीर्ष अधिकारियों की तो ऐसा लगता है कि जैसे वन और वन्यजीव से उन्हें कोई लेनादेना नहीं है.


वन विभाग के शीर्ष अफसरों को राजनीति से फुर्सत नहीं है. कोई अफसर अपनी पसंद के नेता को टिकट दिलाने में जुटा रहता है तो कोई सरकार बनाने में.


हालत ये है कि जिला पंचायत में बहुमत जुटा कर अध्यक्ष बनाने तक के लिए लॉबिंग करने और पैसे का लेन-देन करने में ये अफसर लगे रहते हैं.


चाहे सुकमा हो या राज्य का कोई और हिस्सा. इन अफसरों की मेहनत से सरकार बहादुर की राजनीति तो सुरक्षित बनी रह सकती है, वन्यजीव तो ख़तरे में ही रहेंगे.


वन्यजीव विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि खनन के चक्कर में वन विभाग का अमला, छत्तीसगढ़ को बाघ मुक्त करना चाहता है.


बाघों को लेकर जैसी सक्रियता वन विभाग की हैं वो दिन दूर नहीं जब छत्तीसगढ़ बाघ मुक्त हो जाएगा.





यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

बालोद: ट्रामाडोल युक्त 464 प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, NDPS एक्ट में कार्रवाई

7 घंटे पहले

रायपुर राजेन्द्रनगर चौपाटी में आग
छत्तीसगढ़

रायपुर: राजेंद्र नगर चौपाटी में आग और सिलिंडर धमाका, लाखों का माल जलकर राख

8 घंटे पहले

सड़क दुर्घटना- कोरबा
छत्तीसगढ़

कोरबा: खड़े ट्रेलर में जा घुसी रायपुर से अंबिकापुर जा रही यात्री बस, 2 की मौत, 6 घायल

12 घंटे पहले

बाघ- फाइल फोटो
छत्तीसगढ़

महाराष्ट्र से चलकर छत्तीसगढ़ के रास्ते ओडिशा पहुंचा बाघ, कैमरा ट्रैप से खुला राज

12 घंटे पहले

नितिन नबीन- भाजपा अध्यक्ष
छत्तीसगढ़

नितिन नबीन का छत्तीसगढ़ दौरा रद्द, पटना से जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को किया संबोधित

12 घंटे पहले

मरवाही में सफेद भालू दिखा
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: मरवाही के पहाड़ों से निकलकर सड़कों पर आया दुर्लभ सफेद भालू, ग्रामीणों में दहशत

15 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP