अंतिम दिन भी नहीं बंट पाया तीन महीने का चावल
अंतिम दिन भी नहीं बट पाया तीन महीने का चावल
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बस्तर में तीन महीने का चावल एक साथ बांटने की सरकार की योजना के चलते राशन दुकानों में भीड़ खत्म होने का नाम नहीं ले रही है.
जून माह का आज अंतिम दिन है, लेकिन अभी तक सभी हितग्राहियों को चावल का वितरण नहीं किया जा सका है. अब पीडीएस दुकान संचालकों सहित राशन कार्डधारियों को यह डर सताने लगा है कि कहीं कल से सर्वर बंद ना हो जाए. क्योंकि अभी तक सरकार द्वारा राशन वितरण की तारीख को बढ़ाया नहीं गया है.
दरअसल, सरकार द्वारा तीन महीने जून, जुलाई और अगस्त का राशन एक साथ बांटने का निर्णय लिया गया है.
बस्तर जिले में कुल 7 लाख 96 हजार 783 हितग्राही हैं जिन्हें चावल मिलना है. लेकिन चावल वितरण में हो रही परेशानी के चलते पीडीएस दुकानों में पूरी व्यवस्था बिगड़ गई है. दुकान संचालकों और राशन लेने पहुंच रहे हितग्राहियों के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो रही है.
खासकर शहरी इलाकों में राशन लेने के लिए सुबह 7 बजे से ही राशन दुकानों में लोगों की लंबी कतार लग रही है, जिससे व्यवस्था चरमरा गई है. तीन महीने का राशन एक साथ बांटने में दुकान संचालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. एक व्यक्ति को राशन देने में करीब 20 से 30 मिनट का समय लग रहा है.
पॉश मशीन के सही तरीके से काम नहीं करने के चलते भी समस्या उत्पन्न हो रही है. जिसके कारण राशन लेने में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
दुकानों में सुबह से लग रही लंबी कतार
खाद्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बस्तर जिले में कुल 7 लाख 96 हजार 783 हितग्राही हैं जिन्हें चावल मिलना है.
पीडीएस दुकानों के संचालक राकेश नाग, रेखा भारद्वाज और ज्योति बघेल के मुताबिक उन्हें राशन देने में सबसे ज्यादा पॉश मशीन के काम नहीं करने के चलते दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
नेटवर्क की समस्या और पॉश मशीन हैंग होने की वजह से एक राशन कार्डधारी को राशन देने में 20-30 मिनट का समय लग रहा है.
शहर के कई वार्डों के पीडीएस दुकानों में 500 से अधिक राशन कार्ड धारी हैं. ऐसे में लगातार कोशिश करने के बाद भी महीने के आखरी दिन तक सभी हितग्राहियों को राशन नहीं मिल पाया है.
सुबह 7 बजे से राशन कार्डधारियों की लंबी कतार लग रही है. धक्का मुक्की की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है.
देर शाम तक राशन वितरण किया जा रहा है, उसके बावजूद विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है.
राशन लेने हर दिन चक्कर
इधर हितग्राहियों का कहना है कि वे हर दिन राशन दुकान पहुंच रहे हैं और लंबी कतार में लग रहे हैं. लेकिन पॉश मशीन काम नहीं करने की बात कहते हुए उन्हें वापस लौटा दिया जाता है.
कुछ हितग्राहियों ने बताया कि उनके राशन कार्ड जमा कर लिए जा रहे हैं लेकिन उनकी पारी तीन दिन बाद भी नहीं आ रही है.
हर रोज सुबह से ही राशन लेने के लिए लोग राशन दुकानों के चक्कर लगा रहे हैं.
उन्हें डर है कि समय खत्म होने के बाद में वे राशन लेने में वंचित न हो जाएं. इसलिए जिला प्रशासन और सरकार से राशन लेने के लिए तारीख आगे बढ़ाए जाने की मांग कर रहे हैं.