हैदराबाद से शेट्टी गैंग के तीन सदस्य गिरफ्तार
राजनांदगांव । डेस्क: छत्तीसगढ़ की राजनांदगांव पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल करते हुए हैदराबाद के कुख्यात 'शेट्टी गैंग' के तीन शातिर सदस्यों को धर दबोचा है. पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद किए हैं.
यह संयुक्त कार्रवाई बसंतपुर थाना पुलिस और सायबर सेल की टीम द्वारा की गई.
पुलिस के अनुसार, गिरोह ने बसंतपुर थाना क्षेत्र की जीवन कॉलोनी और लक्ष्मी नगर बी कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था.
आरोपियों ने न केवल घरों में सेंधमारी की, बल्कि पीड़ितों को डराया-धमकाया भी था. घटना के बाद आरोपी फरार होकर हैदराबाद में छिप गए थे.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके बाद पुलिस की एक विशेष टीम ने हैदराबाद दबिश देकर शशि कुमार, शेट्टी विजय और शेट्टी सूर्या को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एडिशनल एसपी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से चांदी के दीये, बिछिया, सोने के टॉप्स और लॉकेट सहित भारी मात्रा में कीमती आभूषण बरामद हुए हैं.
साथ ही वारदात के दौरान इस्तेमाल किया गया चाकू भी जब्त किया गया है. पकड़े गए तीनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और हैदराबाद के रहने वाले हैं. पुलिस ने इन सभी को जेल भेज दिया है, जबकि गिरोह के दो अन्य फरार सदस्यों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं.