अस्पताल के सीवरेज टैंक में उतरे तीन मजदूरो की मौत
रायपुर | संवाददाता : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण अस्पताल परिसर में मंगलवार रात अस्पताल के पीछे बने सीवरेज टैंक (गटर) की सफाई के दौरान उसमें उतरे तीन सफाईकर्मियों की दम घुटने से मौत हो गई. घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र की है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टैंक के भीतर मौजूद जहरीली गैस के संपर्क में आने से तीनों कर्मचारी बेहोश हो गए और कुछ ही देर में उनकी मृत्यु हो गई. मृतकों की पहचान अनमोल मांझी, गोविंद सेंद्रे और पेर्रा कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद अस्पताल के बाहर परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया.
बताया जा रहा है कि हादसा रात करीब 8 बजे के बाद हुआ. अस्पताल प्रबंधन ने सीवरेज टैंक की सफाई के लिए कर्मचारियों को बुलाया था. जैसे ही पहला कर्मचारी टैंक में उतरा, वह जहरीली गैस के कारण बेहोश होकर गिर पड़ा. उसे बचाने के प्रयास में दो अन्य साथी भी नीचे उतरे, लेकिन वे भी गैस की चपेट में आ गए और बाहर नहीं निकल सके.
घटना की सूचना मिलते ही बचाव कार्य शुरू किया गया. कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला गया और तत्काल आईसीयू में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि सफाई कार्य बिना किसी सुरक्षा उपकरण (सेफ्टी गियर) के कराया जा रहा था. साथ ही, जहरीली गैस की आशंका के बावजूद आवश्यक सावधानियां नहीं बरती गईं. परिजनों को अस्पताल परिसर में प्रवेश से रोके जाने पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस व परिजनों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई.
टिकरापारा और न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है. फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि सफाईकर्मियों को किन परिस्थितियों में और किसके निर्देश पर काम पर लगाया गया था.