चेन्नई में फंसी छत्तीसगढ़ की 3 बेटियां छुड़ाई गईं
अंबिकापुर । संवाददाता: मानव तस्करी और प्लेसमेंट के नाम पर धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से चेन्नई काम करने गईं तीन युवतियां बंधक बन गईं. सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम भरतपुर बेलजोरा की रहने वाली प्रतिमा, राधा और जगेश्वरी रोजगार की तलाश में दक्षिण भारत गई थीं, लेकिन वहां उन्हें एक कमरे में कैद कर दिया गया.
युवतियों ने एक वीडियो जारी कर प्रशासन और अपने परिवारों से रो-रोकर मदद की गुहार लगाई थी. वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय विधायक रामकुमार टोप्पो और पुलिस प्रशासन ने त्वरित एक्शन लिया, जिसके बाद आज दोपहर करीब 12:30 बजे तीनों को सुरक्षित बचा लिया गया.
विधायक ने खुद वीडियो कॉल के जरिए लड़कियों से बात कर उनका हौसला बढ़ाया और बताया कि युवतियां आज शाम पौने चार बजे की ट्रेन से छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हो रही हैं.
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत जशपुर से हुई, जहां इन तीनों युवतियों ने तीन महीने का सिलाई प्रशिक्षण लिया था. ट्रेनिंग के दौरान ही दो युवतियों और एक युवक ने उन्हें झांसा दिया कि चेन्नई में उन्हें बेहतरीन प्लेसमेंट दिलाया जाएगा. उन्हें यह भरोसा भी दिलाया गया था कि अगर काम पसंद न आए, तो वे जब चाहें घर लौट सकती हैं.
इसी वादे के जाल में फंसकर तीनों चेन्नई पहुंच गईं, लेकिन वहां पहुंचते ही हकीकत बदल गई. उन्हें एक अज्ञात स्थान पर बंधक बना लिया गया और जब उन्होंने वापस आने की इच्छा जताई, तो छोड़ने के एवज में प्रति लड़की 10-10 हजार रुपये की फिरौती जैसी रकम मांगी जाने लगी.
युवतियों को लाने वाले दलालों ने भी उनके फोन उठाने बंद कर दिए थे. लड़कियों ने खुद के पैसों से ट्रेन का टिकट भी करा लिया था, लेकिन उन्हें वहां से निकलने नहीं दिया जा रहा था.
परिजनों के जरिए जब यह दर्दनाक वीडियो सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो तक पहुंचा, तो उन्होंने बिना वक्त गंवाए सरगुजा एसपी राजेश अग्रवाल से संपर्क साधा. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तत्परता से चेन्नई में फंसी इन मासूमों को दलालों के चंगुल से मुक्त कराया गया.
विधायक टोप्पो ने युवतियों को रास्ते के खर्च के लिए पैसे भी भिजवाए हैं और उन्हें लगातार संपर्क में रहने की सलाह दी है. इसके साथ ही विधायक ने आम जनता से भावुक अपील करते हुए कहा है कि रोजगार या किसी भी काम से राज्य से बाहर जाते समय सतर्क रहें और अपने पास हमेशा जिम्मेदार लोगों के आपातकालीन नंबर जरूर रखें ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति में तुरंत मदद मिल सके.