भारत की इंटरनेट लाइनों पर मंडराया युद्ध का खतरा
नई दिल्ली । डेस्क: केंद्र सरकार ने टेलीकॉम कंपनियों और समुद्र के नीचे केबल बिछाने वाले ऑपरेटरों से कहा है कि वे अपनी सुरक्षा का आकलन करें और किसी भी इमरजेंसी स्थिति के लिए 'प्लान-बी' तैयार रखें. दरअसल, भारत का अमेरिका और यूरोप के साथ होने वाला करीब एक-तिहाई इंटरनेट ट्रैफिक 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' के रास्ते जाता है.
ईरान की ओर से इस समुद्री रास्ते में इंटरनेट केबलों को नुकसान पहुंचाने की धमकियों के बाद चिंता बढ़ गई है. अगर इन केबलों को नुकसान पहुंचता है, तो भारत में बैंकिंग लेनदेन, ई-कॉमर्स, सोशल मीडिया और आईटी कंपनियों के काम पर बुरा असर पड़ सकता है.
जानकारों का कहना है कि हालांकि पूरी तरह इंटरनेट बंद होने की आशंका कम है क्योंकि कंपनियां वैकल्पिक रास्ते रखती हैं, लेकिन युद्ध जैसी स्थिति के लिए कोई भी पहले से तैयार नहीं था.
अगर ट्रैफिक को सिंगापुर या अन्य लंबे रास्तों से मोड़ा जाता है, तो इंटरनेट की रफ्तार धीमी हो जाएगी और इसकी लागत भी काफी बढ़ जाएगी.
फिलहाल सऊदी अरब के पास एयरटेल और टाटा जैसी कंपनियों की कुछ केबलों को पहले ही नुकसान पहुंचा है, जिन्हें सुरक्षा कारणों से ठीक करने में मुश्किल आ रही है. सरकार अब इस मामले में ईरान के साथ कूटनीतिक बातचीत करने की कोशिश कर रही है ताकि भारत की इन महत्वपूर्ण डेटा पाइपलाइनों को सुरक्षित रखा जा सके.